अब TV नहीं, दीवार की शोभा बनेंगे LG के नए OLED और Gallery TV, 6 साल बाद फिर लौटी Wallpaper TV

LG ने CES 2026 से पहले ही अपने नए स्मार्ट टीवी लाइनअप से पर्दा उठा दिया है. इस बार कंपनी ने डिजाइन और आर्ट को खास फोकस में रखा है. LG ने एक तरफ अपनी मशहूर वॉलपेपर OLED TV सीरीज को दोबारा लॉन्च किया है, वहीं दूसरी ओर एक बिल्कुल नई गैलरी TV सीरीज भी पेश की है, जो सीधे तौर पर Samsung के The Frame टीवी को टक्कर देती है.
LG की वॉलपेपर OLED टीवी सीरीज पहली बार 2017 में आई थी और अपनी बेहद पतली बॉडी के लिए जानी जाती थी. बाद में 2020 में इसे बंद कर दिया गया था. अब करीब छह साल बाद LG ने इस सीरीज को नए अवतार में वापस लाया है.
नया मॉडल LG OLED evo W6 (Wallpaper) सिर्फ करीब 9mm पतला है और इसे दीवार से बिल्कुल सटाकर लगाया जा सकता है. खास बात ये है कि इसमें अब 100 इंच का बड़ा डिस्प्ले भी मिलता है. बेहतर वॉल-माउंट सिस्टम की वजह से टीवी दीवार पर फ्रेम जैसा नजर आता है.
इस टीवी में LG की ट्रू वायरलेस टेक्नोलॉजी दी गई है. यानी सभी HDMI और दूसरे इनपुट्स अब एक अलग जीरो कनेक्ट बॉक्स में होंगे, जिसे टीवी से करीब 10 मीटर दूर रखा जा सकता है. टीवी से सिर्फ एक पावर केबल निकलेगी, जिससे दीवार पर लुक और भी साफ-सुथरा दिखेगा.
परफॉर्मेंस के लिए इसमें Alpha 9 Gen 3 प्रोसेसर दिया गया है, जो बिना किसी केबल के हाई क्वालिटी 4K वीडियो और ऑडियो ट्रांसमिट कर सकता है.
Gallery TV: दीवार की शोभा भी, स्मार्ट टीवी भीएलजी ने एक नई Gallery TV सीरीज भी लॉन्च की है. यह टीवी बंद रहने पर बिल्कुल किसी पेंटिंग या फोटो फ्रेम जैसा लगता है. इसमें मशहूर आर्टवर्क, सिनेमैटिक फोटो और AI से बनी कस्टम इमेज दिखाई जा सकती हैं.
इस सीरीज में एंटी-रिफ्लेक्टिव पैनल, खास गैलरी मोड और नए तरह के बेज़ल दिए गए हैं, ताकि आर्ट ज्यादा नेचुरल लगे. यह टीवी 55 इंच और 65 इंच साइज में आएगा.
Gallery+ सर्विस का सपोर्टवॉलपेपर OLED और गैलरी TV दोनों में LG गैलरी+ सर्विस मिलेगी. इस सर्विस में 4,500 से ज्यादा विजुअल्स हैं, जिनमें आर्ट, फोटो, गेम ग्राफिक्स और AI जनरेटेड इमेज शामिल हैं. खास बात यह है कि विजुअल्स के साथ मूड के हिसाब से बैकग्राउंड म्यूजिक भी चलता है.
कुल मिलाकर, LG का नया स्मार्ट टीवी लाइनअप उन लोगों के लिए है जो टीवी को सिर्फ एंटरटेनमेंट डिवाइस नहीं, बल्कि अपने घर की सजावट का हिस्सा बनाना चाहते हैं.



