कौन हैं ‘फौजी’ एक्टर राजेश शर्मा? कीड़े के काटने से घुटने तक पहुंचा इंफेक्शन, हालत नाजुक, AICWA ने मांगी जांच

Last Updated:July 09, 2026, 15:22 IST
Who is Rakesh Sharma: बॉलीवुड और बंगाली सिनेमा के मशहूर करेक्टर एक्टर राजेश शर्मा इन दिनों सुर्खियों में हैं, लेकिन खुशी की बजाय चिंता की. प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान जंगल वाले सेट पर कीड़े के काटने से उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे गंभीर संक्रमण, सांस की तकलीफ और तेज बुखार से जूझ रहे हैं. ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने इस पूरे मामले की जांच की मांग की है.
नई दिल्ली. ‘तनु वेड्स मनु’ में अपने शानदार एक्टिंग से लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले मशहूर करेक्टर एक्टर राजेश शर्मा की तबीयत अचानक बिगड़ गई. प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. रिपोर्ट्स की मानें तो यह परेशानी कथित तौर पर एक कीड़े के काटने के बाद शुरू हुई. अपने दमदार सहायक किरदारों से हिंदी और बंगाली सिनेमा में खास पहचान बनाने वाले राजेश शर्मा ने ‘तनु वेड्स मनु’, ‘स्पेशल 26’, ‘पिकू’, ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ और ‘भूल भुलैया 3’ जैसी फिल्मों में यादगार अभिनय किया है. अब फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं.
फिल्मों में अपनी एक्टिंग से लोगों को लुभाने वाले राजेश शर्मा को आज भी लोग उनके करेक्टर के रोल से ज्यादा जानते हैं. ऐसे में गूगल पर सर्च किया जा रहा है कि आखिर ये राजेश शर्मा कौन हैं? कैसे उन्होंने हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई? फाइल फोटो
राजेश शर्मा का जन्म 8 अक्टूबर 1970 को पंजाब के लुधियाना में हुआ था. बचपन से ही उन्हें एक्टिंग में रुचि थी. इसी जुनून ने उन्हें नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) तक पहुंचाया. थिएटर से एक्टिंग की बारीकियां सीखने के बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया और धीरे-धीरे अपने दमदार अभिनय से इंडस्ट्री में मजबूत जगह बनाई. फाइल फोटो
Add as Preferred Source on Google
उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 1996 में गुलजार निर्देशित फिल्म ‘माचिस’ से की. शुरुआती दौर में उन्होंने कई बंगाली फिल्मों में काम किया, लेकिन हिंदी सिनेमा में उन्हें बड़ी पहचान ‘परिणीता’ से मिली. इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर खुद को एक भरोसेमंद एक्टर के रूप में स्थापित किया. फोटो साभार-@IMDb
राजेश शर्मा उन कलाकारों में हैं, जिन्होंने लीड न होते हुए भी अपने अभिनय से हर फिल्म में गहरी छाप छोड़ी. ‘खोसला का घोसला’, ‘पीकू’, ‘द डर्टी पिक्चर’, ‘स्पेशल 26’, ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’, ‘तनु वेड्स मनु’ और हालिया ‘भूल भुलैया 3’ जैसी फिल्मों में उनके एक्टिंग की खूब सराहना हुई. उन्होंने हिंदी के साथ-साथ बंगाली सिनेमा और टेलीविजन में भी शानदार काम किया है. . फोटो साभार-@IMDb
राजेश शर्मा इन दिनों अस्पताल में हैं और जीवन से जंग लड़ रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजेश शर्मा इन दिनों प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग कर रहे थे. वह फिल्म के क्रू और स्थानीय तकनीशियनों के साथ सेट के पास ही एक घने पेड़-पौधों और झाड़ियों वाले इलाके में खड़े होकर बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें अपने दाहिने पैर में किसी कीड़े के काटने का अहसास हुआ. शुरुआत में यह दर्द या चोट गंभीर नहीं लगी, जिसके कारण उन्होंने तुरंत कोई प्राथमिक उपचार नहीं लिया. . फोटो साभार-@IMDb
इसके बाद एक्टर कोलकाता के लिए रवाना हुए, लेकिन फ्लाइट के दौरान उनकी हालत और बिगड़ गई. उन्हें तेज बुखार आने लगा और सांस लेने में भी दिक्कत महसूस होने लगी. कोलकाता पहुंचते ही उन्हें एयरपोर्ट से सीधे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके दाएं पैर में इंफेक्शन फैल गया था, जो पैर की उंगलियों से लेकर घुटने तक पहुंच गया.
इस बीच निर्देशक सुदीपा चटर्जी और अग्निदेव चटर्जी ने राजेश शर्मा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. उन्होंने एक संयुक्त बयान जारी कर सभी फैंस, मीडिया, बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम और एक्टर प्रसेनजीत चटर्जी का सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया. फाइल फोटो.
वहीं, ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने इस पूरे मामले की जांच की मांग की है. संगठन का कहना है कि फिल्म इंडस्ट्री की जिम्मेदारी है कि कलाकारों और तकनीशियनों को सुरक्षित, स्वच्छ और चिकित्सा सुविधाओं से लैस कार्यस्थल उपलब्ध कराया जाए. AICWA ने यह भी आरोप लगाया कि कई शूटिंग लोकेशनों पर स्वच्छता और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की कमी लंबे समय से चिंता का विषय रही है. संगठन ने मामले में पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि कई बार कलाकार नौकरी खोने के डर से ऐसी घटनाओं की शिकायत भी नहीं कर पाते. फिलहाल राजेश शर्मा का इलाज जारी है और उनके प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं. हालांकि, उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है. फाइल फोटो.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



