Sariska Tigress ST-30 | Sariska Tiger Reserve News | ST-30 Cubs Update | Tehla Range Tiger Population | Rajasthan Wildlife News

Last Updated:December 06, 2025, 12:54 IST
Sariska Tiger Reserve News: सरिस्का टाइगर रिज़र्व से बड़ी खुशखबरी मिली है. टाइग्रेस ST-30 पहली बार तीन शावकों के साथ टहला रेंज में कैमरे में कैद हुई है. इस साइटिंग से सरिस्का में बाघों की संख्या और प्रजनन क्षमता दोनों के मजबूत होने के संकेत मिले हैं. वन विभाग इसे बड़ी सफलता मान रहा है.
Sariska tiger reserve: अलवर सरिस्का बाघ अभयारण्य के टहला रेंज में टाइग्रेस एसटी-30 के तीन शावकों की मौजूदगी की पुष्टि हो गई है. सरिस्का के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) संग्राम सिंह ने हाल ही में बघानी गांव के जंगलों में ट्रैकिंग के दौरान इन शावकों की दुर्लभ तस्वीरें अपने कैमरे में कैद कीं. बताया जा रहा है कि शावकों की उम्र लगभग एक माह है और यह पहला मौका है जब वे साफ तौर पर कैमरे में दर्ज हुए हैं.

टहला रेंज में नियमित ट्रैकिंग के दौरान सीसीएफ संग्राम सिंह ने अचानक टाइग्रेस को अपने तीन शावकों के साथ एनिकट के पास अठखेलियां करते देखा. तीनों शावक आपस में खेलते-दौड़ते हुए टाइग्रेस के आसपास ही दिखाई दिए. यह दृश्य करीब 15 मिनट तक चलता रहा, जिसके दौरान शावक कभी रैंप पर बैठ जाते, तो कभी इधर-उधर चंचलता दिखाते हुए दौड़ते नजर आए.

वन विभाग की जिप्सी को देखते ही टाइग्रेस और शावकों ने कुछ समय तक सतर्क निगाहें रखीं, लेकिन खतरा न महसूस होने पर वे दोबारा मस्ती में लीन हो गए. वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि यह दृश्य सरिस्का में बढ़ते बाघों के कुनबे और सुरक्षित वातावरण का स्पष्ट संकेत है.
Add as Preferred Source on Google

शुक्रवार को वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए सरिस्का में बाघों की संख्या 50 होने पर वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों को बधाई दी. मंत्री का कहना है कि बीते वर्षों में संरक्षण प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है, जिससे सरिस्का का टाइगर पॉपुलेशन लगातार बढ़ रहा है.

सरिस्का के सदर क्षेत्र के साथ-साथ अब टहला रेंज भी बाघों की सुरक्षित शरणस्थली बनती जा रही है. बफर जोन में नियमित रूप से टाइगर साइटिंग होने लगी है, जिससे पर्यटकों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है. कई बार एक ही स्थान पर चार-चार बाघों को साथ देखा गया है, जो सरिस्का टाइगर रिजर्व को देश के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में और अधिक आकर्षक बना रहा है.
First Published :
December 06, 2025, 12:54 IST
homerajasthan
बाघों का बढ़ता कुनबा! सरिस्का की ST-30 ने दिखाए तीन प्यारे शावक



