पुल या खतरा? धौलपुर ओवरब्रिज पर गड्ढे और बाहर निकले सरिए, हर सफर बना जानलेवा जोखिम

पुल या खतरा? धौलपुर ओवरब्रिज पर गड्ढे, हर सफर बना जानलेवा जोखिम
Ground Report : धौलपुर शहर का राजाखेड़ा रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज इन दिनों बदहाल हालत में पहुंच गया है, जिससे आमजन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. पुल पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिनसे गुजरना अब जोखिम भरा हो गया है. हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कई स्थानों पर पुल की सतह उखड़ गई है और अंदर लगे लोहे के सरिए तक बाहर नजर आने लगे हैं. यह स्थिति किसी भी वक्त बड़े हादसे का कारण बन सकती है. यह ओवरब्रिज शहर को राजाखेड़ा उपखंड से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है, जहां से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं. भारी वाहनों की आवाजाही के बावजूद लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण पुल की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढों के कारण वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं और कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं. दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता और भी खतरनाक हो गया है, क्योंकि बाहर निकले सरिए किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकते हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके.




