मुट्ठीभर बजट वाली फिल्म, जिसने 75 दिनों तक थिएटर्स में काटा गदर, 8 गुना कमाई से तहस-नहस किया बॉक्स ऑफिस

Last Updated:June 18, 2026, 12:49 IST
सिनेमा जगत में अक्सर बड़े बजट और भारी-भरकम स्टारकास्ट वाली फिल्में ही चर्चा बटोरती हैं, लेकिन साल 2026 की एक मुट्ठीभर बजट वाली फिल्म ने जो करिश्मा किया, उसने सबको हैरान कर दिया है. फिल्म ने थिएटर्स में पूरे 75 दिनों तक राज किया और बॉक्स ऑफिस पर ऐसा गदर काटा कि मेकर्स की चांदी हो गई. अपनी लागत से करीब 8 गुना से ज्यादा की अकूत कमाई कर फिल्म ने साबित कर दिया कि अगर कहानी में दम हो तो फिर बॉक्स ऑफिस पर कमाई को कोई नहीं रोक सकता है.
नई दिल्ली. आज के दौर में जहां 300-400 करोड़ के बजट वाली फिल्में बॉक्स ऑफिस पर एक हफ्ता भी नहीं टिक पा रही हैं, वहीं साउथ सिनेमा की एक छोटी सी फिल्म ने सफलता की नई इबारत लिख दी है. हम बात कर रहे हैं साल 2026 की बहुचर्चित तमिल फिल्म ‘थाई किझावी’ (Thaai Kizhavi) की. यह साल 2026 की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्म साबित हुई है.
इस फिल्म ने न सिर्फ सिनेमाघरों में शानदार 75 दिन पूरे किए, बल्कि अपनी लागत से 8 गुना ज्यादा की कमाई करके हर किसी को चौंका दिया है. इस फिल्म की कहानी पवनुथाई (राधिका सरथकुमार) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो 70 साल की बूढ़ी महिला है. कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब उसके लालची बेटे जायदाद का बंटवारा करने और सब कुछ उनके नाम करने का दबाव बनाने लगते हैं.
मगर पवनुथाई साफ शब्दों में कह देती है कि वह अपनी जिंदगी की आखिरी सांस तक अपनी इस दौलत-शोहरत का खुद लुत्फ उठाएगी और किसी को फूटी कौड़ी नहीं देगी. इसी बीच, किस्मत करवट लेती है और पवनुथाई को पैरालिसिस हो जाता है, जिससे वह बेबस हो जाती है.
Add as Preferred Source on Google
मां की इस हालत को देखकर उनके मतलबी बेटे एक खास मकसद से वापस लौट आते हैं. दरअसल, उन्हें भनक लग जाती है कि मां ने कहीं बहुत बड़ा खजाना छुपा रखा है, जिसका राज सिर्फ और सिर्फ पवनुथाई को ही पता है. अब वो लालची बेटे उस खजाने को हासिल करने के लिए किस हद तक जाते हैं, यही फिल्म की आगे की दिलचस्प कहानी है.
‘थाई किझावी’ फिल्म में राधिका सरथकुमार की इस शानदार परफॉर्मेंस के अलावा फिल्म में साउथ सिनेमा के कई सितातरों ने काम किया है जिनमें सिंगमपुली, अरुलदास, बाला सरवनन, मुनीशकांत, इलावरसु, जॉर्ज मरीन और वेट्टी मुथुकुमार शामिल हैं.
कोईमोई में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, ‘थाई किझावी’ महज 10 करोड़ रुपये की लागत में बनकर तैयार हो गई थी. इतने कम बजट की फिल्म से मेकर्स को एक कल्ट और अच्छी कमाई की उम्मीद तो थी, लेकिन जो हुआ उसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर 720 फीसदी गुना मुनाफा कमाया है.
फिल्म ने पहले ही हफ्ते वर्ड ऑफ माउथ के दम पर रफ्तार पकड़ी. दूसरे और तीसरे हफ्ते में जहां बड़ी फिल्मों की कमाई घट जाती है, इस फिल्म के शोज बढ़ा दिए गए. देखते ही देखते फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 82 करोड़ रुपेय का शानदार कलेक्शन कर इतिहास रच दिया.
इस तरह अपनी लागत से लगभग 8 गुना ज्यादा का बिजनेस करके इस फिल्म ने कई बड़े रिकॉर्ड्स को तहस-नहस कर दिया और साल 2026 की सबसे मुनाफे वाली फिल्मों की लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया. कमाल की बात है कि इस तमिल मूवी ने सिनेमाघरों में 75 दिनों तक एकतरफा राज किया है. फिल्म की आईएमडीबी रेटिंग 7.5 है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



