जिस शक्ल का उड़ता था मजाक, उसी ने बना दिया सोशल मीडिया का ‘एलियन स्टार’, पढ़िए चूरू के मोती की कहानी

चूरू. कहते हैं कि अगर किसी व्यक्ति में प्रतिभा हो तो संसाधनों की कमी उसे आगे बढ़ने से रोक नहीं सकती. अपनी एक खास पहचान को हुनर में बदलकर सुजानगढ़ के छोटे से गांव चारियां के 14 वर्षीय मोती ने यह बात साबित कर दी है. मोती इन दिनों सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर ‘एलियन स्टार’ के नाम से मशहूर हो गया है. उसकी एक रील को अब तक 18.3 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं.
खास बात यह है कि मोती ने यह रील स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बच्चों के लड्डू के प्रति मोह को लेकर बनाई थी. रील वायरल होने के बाद देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लोग उसे देखने लगे हैं. अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स उसके गांव पहुंचकर इंटरव्यू कर रहे हैं. किसान परिवार से आने वाला मोती चारियां गांव के राजकीय स्कूल में कक्षा 7 में पढ़ता है. वह पढ़ाई के साथ एक्टिंग और कॉमेडी की दुनिया में अपना करियर बनाना चाहता है.
एक साल पहले अपनी कमी को बनाया हुनर
मोती की दोनों आंखों के आसपास भंवरी यानी बाल उड़ने के निशान हैं. इसी वजह से उसका चेहरा कुछ-कुछ एलियन जैसा दिखाई देता है. बचपन में कुछ बच्चे इस निशान को लेकर उसका मजाक भी उड़ाते थे. करीब एक साल पहले मोती ने इसी खासियत को अपनी पहचान बनाने का जरिया बना लिया. उसने ‘एलियन स्टार’ नाम से इंस्टाग्राम आईडी बनाई और उस पर कॉमेडी वीडियो और रील डालना शुरू किया. पिछले 7-8 महीने से वह लगातार वीडियो बना रहा है.
15 अगस्त की रील ने बनाया स्टार
मोती की जिस रील ने उसे रातोंरात पहचान दिलाई, उसमें बच्चों के लड्डू के प्रति मोह को मजेदार अंदाज में दिखाया गया है. वीडियो में एक व्यक्ति बच्चों से कहता है कि 15 अगस्त को जो बच्चा सबसे अच्छी ड्रेस पहनकर आएगा, उसे दो लड्डू दिए जाएंगे. अगले दिन सभी बच्चे सामान्य ड्रेस में आते हैं, लेकिन ‘एलियन स्टार’ मोती साफा और शेरवानी पहनकर पहुंचता है. इसके बाद वह लड्डू बांटने वाले व्यक्ति के सामने खाली थैली दिखाकर उसमें लड्डू डालने का आग्रह करता है. इसी मजेदार अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया और रील वायरल हो गई.
सातवीं कक्षा का विद्यार्थी है मोती
चारियां गांव में किसान परिवार में जन्मा मोती राजकीय स्कूल में कक्षा 7 का विद्यार्थी है. उसके सहपाठियों के अनुसार वह पढ़ाई में अच्छा होने के साथ ही हंसमुख स्वभाव का है. मोती की लोकप्रियता के बाद अब चारियां गांव को भी लोग ‘एलियन स्टार के गांव’ के नाम से जानने लगे हैं. कोलासर के सेवानिवृत्त नायब सूबेदार रामनिवास तेतरवाल ने इसे गांव के लिए गौरव की बात बताया. उनका कहना है कि गांव में कई प्रतिभाएं हैं, जिन्हें सही मंच मिलने की जरूरत है.
एक्टिंग और कॉमेडी में करियर बनाना चाहता है मोती
मोती का जन्म 10 मार्च 2012 को किसान नेमाराम और मुनीदेवी के घर हुआ. उसे क्रिकेट खेलना भी पसंद है. मोती का कहना है कि वह पढ़ाई के साथ आगे चलकर एक्टिंग और कॉमेडी की दुनिया में काम करना चाहता है. उसका एक डायलॉग ‘कुछ लोग कहते हैं तू कुछ नहीं कर पाएगा, कुछ लोग कहते हैं तू बहुत आगे तक जाएगा, तो चालूं के…’ सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हुआ है. मोती का कहना है कि लोगों के प्यार और सपोर्ट से उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और वह भविष्य में भी इसी तरह लोगों का मनोरंजन करना चाहता है.



