Business

जिन्हें लगता है देर हो गई उनकी समझ कम, 40 के बाद भी बन सकता है अथाह पैसा!

Last Updated:July 27, 2026, 19:26 IST

40 की उम्र पार करते ही कई लोगों को लगता है कि अब निवेश शुरू करने का कोई फायदा नहीं है. नौकरी और परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ चुकी होती हैं. घर का लोन, बच्चों की पढ़ाई, माता पिता की जरूरतें और रोजमर्रा के खर्चों के बीच बचत करना मुश्किल लगने लगता है. ऐसे में अक्सर लोगों के मन में यही बात आती है कि अगर 10 या 15 साल पहले निवेश शुरू किया होता तो आज स्थिति अलग होती. लेकिन वित्तीय जानकारों की राय इससे अलग है.

जानकारों का मानना है कि 40 की उम्र के बाद भी अच्छी संपत्ति बनाई जा सकती है. जरूरी सिर्फ इतना है कि आप सही प्लान बनाकर लगातार निवेश करें. रिटायरमेंट तक अगर आपके पास 15 से 20 साल का समय है तो यह पैसा बनाने के लिए काफी लंबा समय माना जाता है.

सबसे पहले अपनी पूरी आर्थिक स्थिति को समझें: निवेश शुरू करने से पहले यह जानना जरूरी है कि हर महीने कितना पैसा आता है और कितना खर्च हो जाता है. अपनी सैलरी के साथ साथ सभी खर्च लिखिए. जैसे होम लोन या किराया, कार लोन, बच्चों की फीस, बीमा प्रीमियम, बिजली का बिल, किराना और बाकी घरेलू खर्च. इसके बाद देखिए कि हर महीने वास्तव में कितना पैसा बच रहा है. यही रकम आपके निवेश की शुरुआत तय करेगी.

रिटायरमेंट को कभी नजरअंदाज न करें: 40 की उम्र में बच्चों की पढ़ाई, शादी या नया घर खरीदना जैसे कई बड़े लक्ष्य सामने होते हैं. लेकिन इनके बीच रिटायरमेंट की तैयारी को पीछे नहीं छोड़ना चाहिए. बच्चों की पढ़ाई के लिए एजुकेशन लोन मिल सकता है. घर खरीदने के लिए भी बैंक लोन दे देते हैं. लेकिन रिटायरमेंट के बाद खर्च चलाने के लिए कोई लोन नहीं मिलता. इसलिए नौकरी के बचे हुए सालों में रिटायरमेंट फंड बनाना सबसे जरूरी काम होना चाहिए. खास बात यह है कि 40 से 60 साल के बीच ज्यादातर लोगों की कमाई सबसे ज्यादा होती है. ऐसे में इस समय ज्यादा निवेश करने का फायदा भी ज्यादा मिलता है.

Add as Preferred Source on Google

बाजार गिरने का इंतजार मत करते रहिए: बहुत से लोग सोचते हैं कि जब शेयर बाजार नीचे आएगा तब निवेश शुरू करेंगे. इसी इंतजार में कई महीने और कई बार कई साल निकल जाते हैं. सच यह है कि कोई भी यह नहीं बता सकता कि बाजार कब ऊपर जाएगा और कब नीचे आएगा. इसलिए इंतजार करने के बजाय नियमित निवेश करना ज्यादा बेहतर तरीका है. अगर आप हर महीने म्यूचुअल फंड में एसआईपी के जरिए पैसा लगाते हैं तो बाजार के उतार चढ़ाव का असर काफी हद तक कम हो जाता है और लंबे समय में अच्छा रिटर्न मिलने की संभावना बढ़ जाती है.

इक्विटी से पूरी तरह दूरी बनाना भी सही नहीं: 40 की उम्र के बाद कई लोग शेयर बाजार को बहुत जोखिम वाला मानकर उससे दूर हो जाते हैं. लेकिन अगर रिटायरमेंट में अभी 15 से 20 साल बाकी हैं तो इक्विटी में निवेश आपके पैसे को महंगाई से तेज बढ़ाने में मदद कर सकता है. हालांकि पूरा पैसा सिर्फ इक्विटी में लगाना भी सही नहीं है. बेहतर होगा कि अपनी उम्र, जोखिम उठाने की क्षमता और जरूरत के हिसाब से इक्विटी, डेट फंड और फिक्स्ड इनकम वाले विकल्पों का संतुलन बनाकर निवेश करें.

सिर्फ पैसा बनाना नहीं, उसे बचाना भी जरूरी है: 40 की उम्र तक परिवार की जिम्मेदारियां काफी बढ़ जाती हैं. इसलिए अच्छा हेल्थ इंश्योरेंस और टर्म लाइफ इंश्योरेंस होना बेहद जरूरी है. इसके अलावा कम से कम 6 महीने के खर्च के बराबर एक इमरजेंसी फंड भी अलग रखना चाहिए. अगर अचानक नौकरी चली जाए या कोई मेडिकल इमरजेंसी आ जाए तो आपको अपने लंबे समय वाले निवेश बीच में तोड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

हर साल निवेश बढ़ाते रहिए: एक बार निवेश शुरू करने के बाद उसे उसी रकम पर मत छोड़िए. जब भी सैलरी बढ़े या बोनस मिले तो निवेश की रकम भी बढ़ाने की कोशिश करें. अगर हर साल अपनी एसआईपी 10 से 15 प्रतिशत बढ़ाते हैं तो लंबे समय में आपके पास बनने वाला फंड काफी बड़ा हो सकता है. साथ ही साल में कम से कम एक बार अपने पूरे निवेश की समीक्षा भी करें ताकि यह पता चलता रहे कि आप अपने वित्तीय लक्ष्यों की सही दिशा में बढ़ रहे हैं या नहीं.

40 के बाद भी बनाई जा सकती है अच्छी संपत्ति: भले ही कम उम्र में निवेश शुरू करना बेहतर माना जाता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि 40 के बाद शुरुआत करने वालों के लिए देर हो गई है. दुनिया में ऐसे कई लोग हैं जिन्होंने जीवन के इस पड़ाव पर निवेश शुरू किया और रिटायरमेंट तक अच्छी संपत्ति बना ली. इसके लिए जरूरत से ज्यादा जोखिम लेने की जरूरत नहीं है. नियमित निवेश, समय के साथ निवेश बढ़ाना और बीच में बिना वजह पैसा न निकालना जैसी आदतें आपको मजबूत आर्थिक भविष्य दे सकती हैं.

हर किसी के लिए एक जैसी रकम पर्याप्त नहीं होती: ऐसा कोई एक तय आंकड़ा नहीं है जिससे हर व्यक्ति वित्तीय रूप से स्वतंत्र हो जाए. रिटायरमेंट के लिए कितनी रकम चाहिए, यह आपकी जीवनशैली, खर्च, उम्र, स्वास्थ्य और निवेश के तरीके पर निर्भर करता है. सबसे जरूरी बात यह है कि निवेश शुरू करने के लिए सही समय का इंतजार न करें. जितनी जल्दी शुरुआत करेंगे, उतना फायदा मिलेगा. लेकिन अगर शुरुआत 40 की उम्र के बाद भी हो रही है तो भी सही प्लान और अनुशासन के साथ भविष्य के लिए मजबूत फंड तैयार किया जा सकता है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj