karauli news I rajasthan news I करौली का श्री राम गौ सेवा संस्थान

Last Updated:June 16, 2026, 21:22 IST
Shri Ram Gau Seva Sansthan: राजस्थान के करौली में श्री राम गौ सेवा संस्थान से जुड़े करीब 25 युवा घायल, बीमार और बेसहारा गोवंश को नया जीवन देने के मिशन में जुटे हैं. मेला गेट स्थित सेवा केंद्र में गोवंश समेत अन्य बेजुबान पशुओं का उपचार और देखभाल की जाती है. निःस्वार्थ सेवा और समर्पण से यह युवा टीम जिलेभर में गौसेवा और मानवता की प्रेरक मिसाल बन गई है.
राजस्थान के करौली में युवाओं की एक टीम बेजुबान गोवंश के लिए उम्मीद की किरण बनी हुई है. श्री राम गौ सेवा संस्थान के नाम से संचालित यह युवा समूह पिछले कई वर्षों से घायल, बीमार और बेसहारा गोवंश को नया जीवन देने में जुटा है.
संस्थान से जुड़े युवाओं का कहना है कि उन्हें इस सेवा की प्रेरणा सड़कों पर तड़पते और असहाय हालत में पड़े गोवंश को देखकर मिली. कई बार घायल पशुओं को समय पर इलाज नहीं मिलने से उनकी मौत हो जाती थी, जिसने युवाओं को भीतर तक झकझोर दिया. इसके बाद कुछ दोस्तों ने मिलकर सेवा का संकल्प लिया और धीरे-धीरे यह कारवां बढ़ता चला गया.
शुरुआत में यह टीम सड़क किनारे ही घायल पशुओं का उपचार करती थी. लंपी बीमारी के दौरान युवाओं ने दिन-रात मेहनत कर संक्रमित गोवंश की सेवा की. उसी दौर में शुरू हुई यह पहल आज करौली में गौ सेवा की पहचान बन चुकी है. टीम सबसे पहले सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचती है, घायल गोवंश का रेस्क्यू करती है और फिर उन्हें सेवा केंद्र लाकर विशेषज्ञों की निगरानी में इलाज शुरू किया जाता है.
Add as Preferred Source on Google
संस्थान में वर्तमान में कई ऐसे गोवंश मौजूद हैं, जो गंभीर बीमारियों या हादसों का शिकार होकर असहाय हो चुके हैं. कुछ पशु चलने-फिरने में असमर्थ हैं, तो कई लंबे समय से गंभीर रोगों से जूझ रहे हैं. बावजूद इसके, युवाओं की लगातार सेवा और देखभाल से उनमें सुधार देखने को मिल रहा है.
संस्थान से जुड़े सदस्य बताते हैं कि शुरुआत में आर्थिक संसाधनों की काफी कमी थी, लेकिन अब लोगों का भरोसा बढ़ने के साथ सहयोग भी मिलने लगा है. करौली में युवाओं की यह पहल इंसानियत और संवेदनशीलता की एक खूबसूरत मिसाल बनती जा रही है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|



