200 से ज्यादा फिल्मों में किया काम, 1 ही शो में निभाए 56 किरदार, तीनों खान संग काम कर रच दिया था इतिहास

Last Updated:June 25, 2026, 04:01 IST
बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जो भले ही फिल्म या शो के मुख्य किरदार न हों, लेकिन स्क्रीन पर आते ही पूरी महफिल लूट लेते हैं. सतीश शाह ऐसे ही कलाकारों में शामिल थे. अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और बेहतरीन अभिनय के दम पर उन्होंने दशकों तक दर्शकों का मनोरंजन किया.
नई दिल्ली. हिंदी सिनेमा के दिवंगत अभिनेता सतीश शाह का जन्म 25 जून 1951 को मुंबई में हुआ था. वह एक गुजराती परिवार से ताल्लुक रखते थे. उनका पूरा नाम सतीश रविलाल शाह था. बचपन से ही उन्हें अभिनय का शौक था. इसी जुनून को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से एक्टिंग की पढ़ाई की.
सतीश शाह ने अपने करियर की शुरुआत 1970 के दशक में की. शुरुआती दिनों में उन्हें छोटे-छोटे रोल मिले, लेकिन उन्होंने हर किरदार में अपनी अलग छाप छोड़ी. ‘अरविंद देसाई की अजीब दास्तान’ और ‘गमन’ जैसी फिल्मों से उन्हें पहचान मिलने लगी.
उनके करियर का बड़ा मोड़ 1983 में आई कल्ट फिल्म जाने भी दो यारो साबित हुई. फिल्म में उन्होंने कमिश्नर डी’मेलो का किरदार निभाया था. खास बात यह थी कि कहानी में उनके किरदार की मौत हो जाती है, लेकिन उनकी ‘लाश’ पर आधारित कई मजेदार सीन आज भी दर्शकों को हंसाते हैं.
Add as Preferred Source on Google
टीवी की दुनिया में भी सतीश शाह ने खूब नाम कमाया. 1984 के मशहूर शो ‘ये जो जिंदगी है’ में उन्होंने 56 तरह के रोल निभाए थे. इस तरह उन्होंने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया. इसके बाद फिल्मी चक्कर, घर जमाई और देख भाई देख जैसे शोज में भी उन्होंने दर्शकों का दिल जीता.
हालांकि, उनके करियर का सबसे यादगार टीवी किरदार साराभाई वर्सेस साराभाई का इंद्रवदन साराभाई रहा. उनका मजाकिया अंदाज और शानदार संवाद अदायगी आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय है.
फिल्मों की बात करें तो सतीश शाह ने 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. उन्होंने बॉलीवुड के तीनों सुपरस्टार्स शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान के साथ भी कई यादगार फिल्में कीं.
शाहरुख खान के साथ वह दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, कल हो ना हो, मैं हूं ना, चलते-चलते, भूतनाथ और ओम शांति ओम जैसी फिल्मों में नजर आए. वहीं सलमान खान के साथ हम आपके हैं कौन और मुझसे शादी करोगी में काम किया.
आमिर खान के साथ उन्होंने अकेले हम अकेले तुम और फना जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा दिखाया. इसके अलावा राजा बाबू, बड़े मियां छोटे मियां, मोहब्बतें, कहो ना प्यार है, तुमसे अच्छा कौन है और रमैया वस्तावैया जैसी फिल्मों में भी उनके किरदार खूब पसंद किए गए.
अपने लंबे करियर में सतीश शाह ने कई पुरस्कार भी जीते और कॉमेडी की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई. 25 अक्टूबर 2025 को 74 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. उनके जाने से मनोरंजन जगत ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसकी जगह भर पाना आसान नहीं है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



