Rajasthan Nikay Chunav Reservation List 2026

Rajasthan Nikay Chunav Reservation List: राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां अब तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं. स्वायत्त शासन विभाग (DLB) मुख्यालय में सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच प्रदेश के 309 नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका) के प्रमुख पदों महापौर, सभापति और अध्यक्ष के आरक्षण की लॉटरी निकाली गई. यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा और स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव रवि जैन की मौजूदगी में यह प्रक्रिया पूरी की गई. 2011 की जनगणना के आधार पर वर्ष 2014 और 2015 में OBC वर्ग के लिए आरक्षित सीटों को छोड़कर नई लॉटरी जारी की गई है.
आरक्षण प्रक्रिया के तहत कुल 309 पदों में से 188 पद अनारक्षित (सामान्य) रखे गए हैं, जबकि 121 पद आरक्षित किए गए हैं. आरक्षित सीटों में अनुसूचित जाति (SC) के लिए 50, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 11 और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 60 सीटें तय की गई हैं.
महिला आरक्षण: आरक्षित वर्ग की कुल सीटों में महिलाओं के लिए भी सीटें निर्धारित की गई हैं. SC की 50 में से 16 सीटें, ST की 11 में से 3 सीटें और OBC की 60 में से 21 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं. वहीं अनारक्षित 188 सीटों में से 62 सीटें सामान्य महिला वर्ग के लिए रखी गई हैं.
जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर में अनारक्षित महापौर, कोटा में OBC महिलाप्रदेश के बड़े नगर निगमों की बात करें तो जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और बीकानेर नगर निगम के महापौर का पद अनारक्षित (सामान्य) रखा गया है. इसके विपरीत अलवर, अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर और पाली नगर निगम में महापौर का पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है. कोटा नगर निगम में इस बार OBC महिला महापौर चुनी जाएंगी.
नोट: जयपुर, जोधपुर और कोटा में पहले दो-दो नगर निगम थे, जिन्हें अब पुनर्गठित कर एक-एक निगम कर दिया गया है.
प्रमुख नगर निगमों की स्थितिप्रदेश के प्रमुख नगर निगमों में कोटा नगर निगम का पद OBC महिला के लिए आरक्षित किया गया है. अजमेर नगर निगम SC महिला, बीकानेर अनारक्षित महिला, उदयपुर OBC ओपन और भरतपुर नगर निगम SC ओपन वर्ग के अंतर्गत रहेगा. जयपुर और जोधपुर में इस बार दो के स्थान पर एक-एक नगर निगम का निर्धारण हुआ है.
संभागवार OBC एवं SC-ST आरक्षण की स्थिति
जयपुर संभाग: बांदीकुई, नीमराणा, नोगांव, दौसा, खेतड़ी और खाटूश्यामजी को OBC महिला के लिए आरक्षित किया गया है. बस्सी, बड़ौदामेव, कठूमर और भांडारेज में SC महिला वर्ग का प्रतिनिधित्व तय हुआ है. वाटिका और लवाण सीटें ST महिला के खाते में गई हैं.
अजमेर संभाग: नांवा, नागौर, हमीरगढ़, रियाबाड़ी, सरवाड़, लाडनू, जायल, डीडवाना, बासनी और जैतारण OBC वर्ग के अंतर्गत आए हैं. इनमें जायल, लाडनू और नांवा सीट OBC महिला के लिए आरक्षित हैं. दूनी सीट SC महिला के लिए तय की गई है.
भरतपुर संभाग: रूपबास, बौली, सरमथुरा, राजाखेड़ा, बृजनगर और सवाई माधोपुर OBC के लिए तय हुए हैं. राजाखेड़ा और सरमथुरा में OBC महिला का आरक्षण रहेगा. टोडाभीम, सपोटरा और सूरौठ SC महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं.
कोटा संभाग: अकलेरा, अंता, झालावाड़, सुकेत और कोटा नगर निगम OBC वर्ग के लिए निर्धारित हुए हैं. अकलेरा और कोटा निगम OBC महिला के लिए रहेंगे. डग सीट SC महिला वर्ग के लिए आरक्षित हुई है.
जोधपुर एवं बीकानेर संभाग: मथानिया, धोरीमन्ना और बाप SC महिला के लिए तय हुए हैं. बीकानेर संभाग में नापासर SC महिला और लूणकरणसर, सुजानगढ़, खाजूवाला, केसरीसिंह नगर, चूरू, सरदारशहर, राजगढ़ व नोखा OBC वर्ग के तहत रहेंगे.
उदयपुर संभाग: सागवाड़ा और देवगढ़ OBC महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं. वल्लभनगर सीट ST महिला के खाते में दर्ज हुई है.
आगामी प्रक्रिया और वार्ड लॉटरी की तारीखनिकाय प्रमुखों के आरक्षण के बाद अब 17 अगस्त को जिला स्तर पर कलेक्टरों की देखरेख में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी. इसके अतिरिक्त जिला प्रमुखों के 41 पदों के लिए भी आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जा रही है.



