KhatuShyam ji: बाबा श्याम के भक्तों से चमकी रेलवे की किस्मत! रींगस स्टेशन को तीन दिन में हुई ₹1.25 करोड़ की कमाई

Last Updated:June 28, 2026, 08:30 IST
KhatuShyam Ji: खाटूश्यामजी में निर्जला एकादशी मेले और वीकेंड के चलते रींगस रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं भारी भीड़ उमड़ी. पिछले तीन दिनों में 1.50 लाख से अधिक यात्रियों ने ट्रेन से सफर किया, जिससे रेलवे को ₹1.25 करोड़ से ज्यादा की बंपर कमाई हुई है. सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी के 160 जवान तैनात रहे, जबकि टिकटों के लिए 21 काउंटर खोले गए. वर्तमान में खाटू जाने के लिए रींगस ही नजदीकी स्टेशन है, लेकिन जल्द ही सुंदपुरा में नया स्टेशन शुरू होने की उम्मीद है.
ख़बरें फटाफट
KhatuShyam Ji: विश्व प्रसिद्ध थान खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के दीदार के लिए देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं ने उत्तर पश्चिम रेलवे की झोली खुशियों से भर दी है. हाल ही में संपन्न हुए निर्जला एकादशी और द्वादशी के मुख्य मेले के साथ-साथ शनिवार और रविवार को वीकेंड की छुट्टी होने के कारण रींगस रेलवे स्टेशन जंक्शन पर भक्तों का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा. श्रद्धालुओं की इस भारी आमद के चलते रेलवे को रिकॉर्ड तोड़ राजस्व की प्राप्ति हुई है. रेल अधिकारियों द्वारा जारी किए गए पिछले तीन दिनों के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में लगभग 1.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने ट्रेन के जरिए सफर तय किया, जिससे रींगस स्टेशन को ₹1.25 करोड़ से अधिक की बंपर आय हुई है.
रींगस रेलवे स्टेशन अधीक्षक बाबूलाल बाजिया ने बताया कि बाबा श्याम के दर्शन कर लौटने वाले और दर्शन के लिए आने वाले यात्रियों के कारण ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है. रविवार को छुट्टी का दिन होने की वजह से यात्रियों की तादाद में और ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे इस राजस्व में अभी और बड़ा उछाल आने की पूरी उम्मीद है.
सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम: 160 जवान और महिला कर्मी तैनातभीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है. जीआरपी चौकी प्रभारी एएसआई मुकेश कुमार सैनी ने जानकारी दी कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसर में 100 आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) और 60 जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) के जवान तैनात किए गए हैं. इस सुरक्षा बेड़े में महिला रेल कर्मियों को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है ताकि महिला श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो. इसके अलावा कई स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालने में पुलिस का हाथ बंटा रहे हैं.
जयपुर मंडल से सीनियर डीसीएम जगदीश कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों का एक विशेष दल भी रींगस स्टेशन पर लगातार कैंप कर रहा है. भीषण गर्मी को देखते हुए यात्रियों को धूप और लू से बचाने के लिए विशेष होम शेल्टरों की व्यवस्था की गई है, जहां यात्री आराम कर पा रहे हैं.
भीड़ नियंत्रण के लिए रूट-वार एंट्री और टिकटों के लिए लगे 21 काउंटरस्टेशन पर किसी भी प्रकार की भगदड़ या अव्यवस्था न हो, इसके लिए यात्रियों के आने और जाने के लिए रूट-वार अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार (एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स) तय किए गए हैं. सीनियर डीसीएम जगदीश कुमार के अनुसार, यात्रियों को टिकट लेने के लिए लंबी लाइनों में न लगना पड़े, इसके लिए रींगस जंक्शन पर 12 मैनुअल टिकट काउंटर और 9 एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) यानी कुल 21 काउंटर संचालित किए जा रहे हैं. यह विशेष व्यवस्थाएं रविवार देर रात तक जारी रहेंगी ताकि वीकेंड रश को आसानी से संभाला जा सके.
खाटूधाम का प्रवेश द्वार है रींगस; जल्द मिलेगा सुंदपुरा स्टेशन का तोहफाआपकी जानकारी के लिए बता दें कि मुख्य खाटूश्यामजी कस्बे में वर्तमान में कोई रेलवे स्टेशन नहीं है. ऐसे में देश के कोने-कोने से ट्रेन के माध्यम से आने वाले भक्तों के लिए रींगस जंक्शन ही एकमात्र मुख्य पड़ाव है. रींगस रेलवे स्टेशन से खाटूश्यामजी मंदिर की दूरी लगभग 17 किलोमीटर है, जिसे भक्त निजी गाड़ियों, बसों, ई-रिक्शा या फिर पैदल पेटपलायन (पदयात्रा) करते हुए तय करते हैं.
श्याम भक्तों की इस लंबी दूरी को कम करने के लिए केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खाटूश्यामजी से महज 11 किलोमीटर दूर स्थित सुंदपुरा गांव में एक नया रेलवे स्टेशन बनाने की बड़ी घोषणा की है. भविष्य में इस नए स्टेशन के धरातल पर उतरने के बाद श्याम भक्तों के पास खाटूधाम पहुंचने के लिए दो नजदीकी रेलवे स्टेशनों के विकल्प उपलब्ध होंगे, जिससे रींगस स्टेशन पर दबाव भी कम होगा.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Sikar,Sikar,Rajasthan



