PM Modi Australia Visit : ‘स्टेडियम की छत बंद रखना, वरना…’, पीएम मोदी के दौरे से पहले मिली धमकी, ‘अबू मुस्तफा’ को खोज रहा ऑस्ट्रेलिया

मेलबर्न: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे से ठीक पहले एक ऐसी खबर आई है, जिसने दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है. पीएम मोदी 8 से 10 जुलाई को मेलबर्न में होंगे, इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है. ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ‘द ऑस्ट्रेलिया टुडे’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर पीएम मोदी को निशाना बनाकर ये धमकी दी गई है. इस मामले के सामने आते ही ऑस्ट्रेलिया की फेडरल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई हैं और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है.
फेसबुक पर लिखा- ‘स्टेडियम की छत बंद रखना, वरना’
ये पूरी साजिश सोशल मीडिया के जरिए रची गई है. ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर के मार्वल स्टेडियम में 9 जुलाई को एक ग्रैंड कम्युनिटी इवेंट होने जा रहा है, जिसका नाम है ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’. इस कार्यक्रम को प्रमोट करने के लिए फेसबुक पर एक पोस्ट डाली गई थी, जिसके कमेंट सेक्शन में यह धमकी भरा मैसेज छोड़ गया. रिपोर्ट के मुताबिक, जिस फेसबुक अकाउंट से यs खौफनाक कमेंट किया गया है, उस पर ‘अबू मुस्तफा’ (Abu Mustafa) नाम लिखा हुआ है.
इस अकाउंट से अंग्रेजी में लिखा गया, ‘इवेंट के दौरान बेहतर होगा कि स्टेडियम की छत को बंद रखा जाए, वरना वो अपनी मौत के लिए ऑस्ट्रेलिया आ रहे हैं’. इस सीधे और मैसेज ने सुरक्षा अधिकारियों के कान खड़े कर दिए हैं.
जांच में जुटी एजेंसियां, निकाला गया IP एड्रेस
पीएम मोदी जैसे ग्लोबल लीडर को इस तरह की धमकी मिलना कोई छोटी बात नहीं है. ऑस्ट्रेलियाई एजेंसियां इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं और हर एक पहलू को खंगाल रही हैं.
लोकेशन ट्रैक: सुरक्षा जांचकर्ताओं ने इस फेसबुक अकाउंट से जुड़े इंटरनेट प्रोटोकॉल यानी आईपी (IP) एड्रेस की पहचान कर ली है. इससे ये पता लगाने में मदद मिलेगी कि यह धमकी भरा कमेंट किस जगह से और किस डिवाइस का इस्तेमाल करके पोस्ट किया गया था.
पुलिस का सीक्रेट ऑपरेशन: हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी हुई है या नहीं, इस पर ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस (AFP) ने कुछ भी साफ-साफ कहने से इनकार कर दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बहुत ही संवेदनशील है और जांच अभी चल रही है, इसलिए वे अभी ज्यादा डिटेल शेयर नहीं कर सकते.
सुरक्षा का तगड़ा घेरा: इस धमकी के बाद ऑस्ट्रेलिया की तमाम सुरक्षा और कानून लागू करने वाली एजेंसियां आपस में तालमेल बिठा रही हैं. पीएम मोदी के ऑस्ट्रेलिया में रहने के दौरान सुरक्षा के ऐसे इंतजाम किए जा रहे हैं कि परिंदा भी पर न मार सके.
क्या है पीएम मोदी का पूरा ऑस्ट्रेलिया दौरा?
ये धमकी ऐसे समय पर आई है जब पीएम मोदी एक बेहद महत्वपूर्ण तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर ऑस्ट्रेलिया पहुंचने वाले हैं. इस दौरे पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं.
लीडर्स समिट में होंगे शामिल: पीएम मोदी 8 जुलाई से 10 जुलाई तक मेलबर्न में होने वाले भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक नेताओं के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. इस दौरान वो ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे, जिसमें कई बड़े समझौतों पर मुहर लग सकती है.
प्रवासियों से मुलाकात: 9 जुलाई को मार्वल स्टेडियम में होने वाला ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ इवेंट इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण है, जहां हजारों की संख्या में भारतीय समुदाय के लोग पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए इकट्ठा होने वाले हैं.
ऑस्ट्रेलियाई पीएम अल्बनीज ने भारत को बताया बेहद खास
धमकी की खबरों के बीच, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भारत के साथ अपने मजबूत रिश्तों को एक बार फिर दोहराया है. उन्होंने इस समिट की घोषणा करते हुए पीएम मोदी का स्वागत करने पर खुशी जताई थी. अल्बनीज ने कहा कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, जो ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदार है.
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा, ‘सालाना लीडर्स समिट के लिए अपने दोस्त प्रधानमंत्री मोदी का ऑस्ट्रेलिया में स्वागत करते हुए मुझे बेहद गर्व महसूस हो रहा है’.
फिलहाल, इस धमकी के बाद मार्वल स्टेडियम से लेकर पीएम मोदी के रुकने वाली जगहों तक सुरक्षा की समीक्षा नए सिरे से की जा रही है. हालांकि अधिकारियों ने एडिशनल सिक्योरिटी मेजर्स की पूरी जानकारी को सीक्रेट रखा है, लेकिन इतना साफ है कि इस नापाक धमकी के बाद सुरक्षा के इंतजाम पहले से कई गुना ज्यादा सख्त कर दिए गए हैं.



