‘सब काम छोड़े और घर जाएं’, दक्षिण कोरिया में भीषण गर्मी ने तोड़ा 121 साल का रिकॉर्ड, चेतावनी जारी

Last Updated:August 03, 2026, 23:21 IST
दक्षिण कोरिया में भीषण गर्मी और लू ने 120 से भी अधिक सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. देश के दक्षिण-पूर्वी शहर यांगसान में रविवार को तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. साल 1904 में आधुनिक मौसम रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से अब तक का सबसे अधिक तापमान है. मौसम विभाग ने लोगों को बाहर की सभी गतिविधियां तुरंत रोकने और घर के अंदर रहने की सख्त सलाह दी है.दक्षिण कोरिया में भीषण गर्मी.
दक्षिण कोरिया इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि 121 साल में पहली बार तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके बाद मौसम विभाग ने लोगों से अपील की कि तुरंत सभी बाहरी गतिविधियां बंद करें और सुरक्षित जगहों पर चले जाएं.
1904 के बाद पहली बार इतना तापमान
दक्षिण कोरिया के यांगसान शहर में रविवार दोपहर तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कोरिया मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 1904 में आधुनिक मौसम रिकॉर्ड शुरू होने के बाद यह देश का सबसे अधिक तापमान है. यांगसान में लगातार पांचवें दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा. वहीं डेगू, बुसान और कई अन्य शहरों में भी पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया.
लोग मॉल और कैफे में लेने लगे शरण
तेज गर्मी से बचने के लिए लोग एयर कंडीशन वाले शॉपिंग मॉल, कैफे और सार्वजनिक कूलिंग सेंटर में पहुंच रहे हैं. दक्षिण कोरिया ही नहीं, उत्तर कोरिया भी भीषण गर्मी की चपेट में है. वहां कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.
राजधानी प्योंगयांग में पिछले एक सप्ताह से रात का तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया. इससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही.
सरकार ने जारी की आपात चेतावनी
दक्षिण कोरिया के 20 से ज्यादा इलाकों में मौसम विभाग ने हीटवेव की इमरजेंसी चेतावनी जारी की गई है.
तुरंत सभी बाहरी गतिविधियां बंद करें.
बिना एयर कंडीशन वाले कमरों में रहने से बचें.
ठंडी जगहों या सरकारी कूलिंग सेंटर में जाएं.
पर्याप्त पानी पीते रहें और आराम करें.
प्रधानमंत्री हान सियोंग-सूक ने स्थानीय प्रशासन को बुजुर्गों और अन्य लोगों की सुरक्षा बढ़ाने तथा बिजली और पानी की सप्लाई देने के निर्देश दिए हैं.
टाइफून डॉल्फिन से मिलेगी राहत या बढ़ेगी मुसीबत?
मौसम विभाग की नजर अब टाइफून डॉल्फिन पर है. अगर यह तूफान चीन के पूर्वी तट की ओर जाता है, तो दक्षिण कोरिया में नमी बढ़ेगी और उमस के कारण गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है. लेकिन अगर यह कोरियाई प्रायद्वीप के दक्षिण से गुजरता है, तो तेज हवाएं, बादल और बारिश आ सकती है. इससे कुछ समय के लिए राहत मिलने की उम्मीद है.
खेल भी हुए प्रभावित
भीषण गर्मी का असर खेलों पर भी पड़ा है. चांगवोन में तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के बाद दक्षिण कोरिया की प्रोफेशनल बेसबॉल लीग का एक मैच रद्द करना पड़ा. कोरिया बेसबॉल ऑर्गेनाइजेशन ने कहा कि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया.
क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी?
वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन की वजह से दुनिया भर में हीटवेव पहले से ज्यादा बार और ज्यादा खतरनाक रूप में सामने आ रही हैं. इस बार एल नीनो भी गर्मी बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा रहा है. यह प्रशांत महासागर में बनने वाली प्राकृतिक जलवायु घटना है, जो हर 2 से 7 साल में आती है और दुनिया के कई हिस्सों में तापमान बढ़ा देती है.
About the Authorसज्जन कुमार दड़बीSenior Sub Editor
मैं इस समय App टीम का हिस्सा हूं. App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 4 साल से अधिक का अनुभव है और फिलहाल अभी सीनियर सब एडिटर के पद पर हूं. इससे पहले इनशॉर्ट्स औ…
और पढ़ें न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
First Published :
August 03, 2026, 23:21 IST



