दमोह झरने पर बड़ा हादसा टला, तेज बहाव में फंसे 100 पर्यटक, टापू पर अटके दो युवकों की SDRF ने बचाई जान

Last Updated:August 16, 2026, 09:44 IST
Dholpur Damoh Waterfall Accident: धौलपुर के सरमथुरा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध दमोह झरने पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तेज बारिश के कारण बड़ा हादसा टल गया. झरना देखने पहुंचे करीब 100 पर्यटक अचानक खरवाई नाले का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण दूसरी ओर फंस गए. इसी दौरान दो युवक पानी के बीच बने टापू पर फंस गए. सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. ग्रामीणों की मदद से फंसे पर्यटकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए ऊबड़-खाबड़ रास्ते से सुरक्षित सरमथुरा पहुंचाया गया. वहीं एसडीआरएफ की टीम ने देर रात तक अभियान चलाकर टापू पर फंसे दोनों युवकों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पुलिस ने पर्यटकों से बारिश के दौरान दमोह झरने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है.
ख़बरें फटाफट
दमोह झरना देखने पहुंचे करीब 100 पर्यटक अचानक खरवाई नाले का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण दूसरी ओर फंस गए
धौलपुर. सरमथुरा उपखंड क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध दमोह झरने पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया. तेज बारिश के बाद खरवाई नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया और पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि झरना देखने पहुंचे करीब 100 पर्यटक रास्ते में दूसरी ओर फंस गए. इसी दौरान पानी के बीच बने एक टापू पर दो युवक भी फंस गए. हालात बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन, एसडीआरएफ टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया.
बताया जा रहा है कि स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक दमोह झरना देखने पहुंचे थे. झरना देखने के बाद जब लोग वापस लौट रहे थे, उसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के कारण खरवाई नाले में पानी की आवक अचानक बढ़ गई. कुछ ही देर में नाले का बहाव इतना तेज हो गया कि रास्ता पानी में डूब गया और करीब 100 लोग दूसरी तरफ फंस गए. लोगों को सुरक्षित निकालना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया.
टापू पर फंसे दो युवक
इसी दौरान दो युवक पानी के तेज बहाव के बीच बने एक टापू पर फंस गए. पानी लगातार बढ़ने के कारण दोनों युवकों के लिए वहां से निकलना मुश्किल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही सरमथुरा पुलिस और उपखंड प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. एसडीआरएफ की टीम ने हालात का जायजा लिया और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया.
ट्रैक्टर-ट्रॉली से निकाले गए पर्यटक
रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. फंसे हुए पर्यटकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से डांग क्षेत्र से होकर जाने वाले ऊबड़-खाबड़ रास्ते से सुरक्षित सरमथुरा पहुंचाया गया. एक-एक कर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम किया गया. वहीं पानी के बीच टापू पर फंसे दोनों युवकों को निकालने के लिए एसडीआरएफ टीम ने देर रात तक अभियान चलाया. कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
संयुक्त प्रयास से टला बड़ा हादसा
सरमथुरा थाना प्रभारी कैलाश चंद गुर्जर ने बताया कि बारिश के कारण दमोह झरना क्षेत्र में पानी का बहाव अत्यधिक तेज हो गया था. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. उन्होंने बताया कि समय रहते रेस्क्यू अभियान शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया. रेस्क्यू अभियान में समाजसेवियों के साथ मुस्लिम समाज अध्यक्ष शरीफ खान और मुन्नवर खान ने भी विशेष सहयोग किया. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एसडीआरएफ टीम के साथ मिलकर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने में मदद की.
पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील
थाना प्रभारी ने पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के दौरान दमोह झरना जैसे जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें. बारिश के समय नालों और झरनों में पानी का स्तर अचानक बढ़ सकता है. ऐसे में कुछ मिनटों में हालात खतरनाक हो सकते हैं. उन्होंने लोगों से मौसम साफ होने तक ऐसे स्थानों पर जाने से बचने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Dhaulpur,Dhaulpur,Rajasthan
First Published :
August 16, 2026, 09:44 IST



