Dholpur News: 111 लीटर गंगाजल लेकर 200 किमी पैदल चले शिवभक्त, अचलेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

Last Updated:August 11, 2026, 12:26 IST
धौलपुर में सावन के पावन महीने में शिवभक्ति की अनोखी मिसाल देखने को मिली. बसई नवाब के चार युवकों ने सोरों गंगा जी से 111 लीटर गंगाजल लेकर करीब 200 किलोमीटर की कावड़ यात्रा 60 घंटे में पूरी की. रविवार को धौलपुर पहुंचने के बाद सोमवार को ऐतिहासिक अचलेश्वर महादेव मंदिर में गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया. युवकों ने यात्रा के जरिए एकता-भाईचारे, नशामुक्ति, फिटनेस और गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने का संदेश दिया.
धौलपुर. सावन का पवित्र महीना शुरू होते ही देशभर में कावड़ यात्राओं का दौर शुरू हो गया है. धौलपुर जिले में भी शिवभक्त अलग-अलग स्थानों से कावड़ लेकर भगवान भोलेनाथ के मंदिरों तक पहुंच रहे हैं. धौलपुर जिले के बसई नवाब के युवकों की एक टोली ने सोरों गंगा जी से 111 लीटर गंगाजल की कावड़ यात्रा शुरू की. करीब 200 किलोमीटर की इस यात्रा को युवकों ने 60 घंटे में पूरा किया. बसई नवाब गांव के शिवाकांत त्यागी, चिराग त्यागी, सोनू त्यागी और विकास त्यागी ने मिलकर यह कावड़ यात्रा पूरी की. कावड़ यात्रा शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे सोरों जी से शुरू हुई और रविवार को युवक धौलपुर पहुंचे.
इसके बाद सोमवार को धौलपुर के चंबल के बीहड़ों के किनारे स्थित ऐतिहासिक अचलेश्वर महादेव मंदिर में 111 लीटर पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया. कावड़ यात्री चिराग त्यागी ने बताया कि 111 लीटर गंगाजल लेकर करीब 200 किलोमीटर पैदल चलना आसान नहीं था. रास्ते में कई तरह की परेशानियां आईं, लेकिन भगवान महादेव की भक्ति और देश में एकता व भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से उन्होंने यात्रा पूरी की, उन्होंने बताया कि कावड़ यात्रा का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने की मांग और देश में आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश देना है. कावड़ यात्री शिवाकांत त्यागी ने बताया कि इस यात्रा के जरिए युवाओं को फिटनेस और नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया, उन्होंने कहा कि आज के समय में कई युवा नशे की ओर बढ़ रहे हैं और अपनी फिटनेस पर ध्यान नहीं देते.
ऐसे में 111 लीटर गंगाजल लेकर 200 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर युवाओं को मेहनत और फिटनेस के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया. गंगाजल का वजन लेकर इतनी लंबी दूरी तय करना बड़ी चुनौती थी, लेकिन महादेव के आशीर्वाद से यात्रा सफलतापूर्वक पूरी हुई. ऐतिहासिक और प्राचीन अचलेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के दौरान कावड़ियों की टोली ने देश और दुनिया में एकता व भाईचारा बनाए रखने, युवाओं को नशे से दूर रखने और गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा मिलने की प्रार्थना की.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Dhaulpur,Rajasthan
First Published :
August 11, 2026, 12:26 IST



