Diabetes Control Diet | Health Tips | शुगर मरीज हैं तो थाली में ऐसे रखें सब्जी, प्रोटीन और रोटी-चावल, डॉक्टरसे जानें

Best Foods for Diabetes Patients: डायबिटीज होने के बाद अक्सर लोगों को समझ नहीं आता कि रोज के खाने में क्या लें और किस चीज से दूरी बनाएं. खान-पान में थोड़ी सी लापरवाही भी ब्लड शुगर बढ़ा सकती है. ऐसे में खाने की मात्रा के साथ यह भी जरूरी है कि थाली में सब्जी, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट का सही संतुलन हो. जौनपुर के चिकित्सक ने डायबिटीज मरीजों के लिए रोजमर्रा में आसानी से अपनाई जा सकने वाली डाइट के बारे में बताया है.
वेदांता हॉस्पिटल, नईगंज जौनपुर के एमडी फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. अखिलेश कुमार सैनी के मुताबिक डायबिटीज मरीजों को सबसे पहले अपने खान-पान पर ध्यान देना चाहिए. खाने में हरी और कम स्टार्च वाली सब्जियों को ज्यादा जगह दी जा सकती है. लौकी, नेनुआ, तोरी, करेला और भिंडी जैसी सब्जियां भोजन में शामिल की जा सकती हैं.
थाली का आधा हिस्सा सब्जी और सलाद रखें
डॉ. सैनी के अनुसार डायबिटीज मरीज की थाली का करीब आधा हिस्सा सब्जियों और सलाद से भरा होना चाहिए. सलाद में खीरा, टमाटर, मूली और गाजर जैसी चीजें शामिल की जा सकती हैं. थाली का करीब एक-चौथाई हिस्सा प्रोटीन के लिए रखा जा सकता है. इसके लिए दाल, पनीर, टोफू, चिकन या फिश जैसे विकल्प लिए जा सकते हैं. बाकी एक-चौथाई हिस्से में कार्बोहाइड्रेट रखा जा सकता है. इसमें मल्टीग्रेन आटे की रोटी और सीमित मात्रा में चावल लिया जा सकता है. चना दाल, मूंग दाल और अरहर दाल को भी भोजन में शामिल किया जा सकता है. वहीं राजमा को सीमित मात्रा में लेने की सलाह दी गई है.
फल खाएं, लेकिन जूस पीने से बचें
डायबिटीज होने का मतलब यह नहीं है कि फल पूरी तरह छोड़ने पड़ेंगे. डॉक्टर के अनुसार अगर ब्लड शुगर नियंत्रित है तो सीमित मात्रा में सेब, अमरूद, संतरा या छोटा केला लिया जा सकता है. हालांकि फल खाते समय मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है. फलों का जूस पीने के बजाय साबुत फल खाना बेहतर माना जाता है. जूस बनाने के दौरान फाइबर कम हो जाता है और फल की शुगर शरीर में तेजी से पहुंच सकती है. इसलिए डायबिटीज मरीजों को जूस से दूरी रखने की सलाह दी जाती है.
दूध, दही और ड्राई फ्रूट्स भी ले सकते हैं
डॉ. सैनी ने बताया कि डायबिटीज मरीज अपनी डाइट में दूध, दही, चना, बादाम और अखरोट जैसी चीजें भी उचित मात्रा में शामिल कर सकते हैं. सबसे जरूरी है कि खाने की मात्रा पर ध्यान दिया जाए और ब्लड शुगर की नियमित जांच होती रहे. डायबिटीज को कंट्रोल रखने में सिर्फ एक खाद्य पदार्थ पर निर्भर रहने के बजाय पूरी डाइट और रोजमर्रा की आदतों पर ध्यान देना जरूरी है. हर मरीज की जरूरत अलग हो सकती है, इसलिए दवा और डाइट में बदलाव डॉक्टर की सलाह से ही करना चाहिए.



