Diwali Jewellery Trends: चांदी के गहनों में दिख रहा फैशन का नया अंदाज, युवतियों को पसंद आ रहे इंडो-वेस्टर्न डिजाइन

उदयपुर. दिवाली के त्योहार पर सोने और चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है, यही वजह है कि त्योहार के इस खास मौके पर बाजारों में ज्वेलरी की रौनक भी देखने को मिल रही है. हालांकि, इस बार सोने के बढ़ते दामों के बीच चांदी के गहने महिलाओं की पहली पसंद बनते जा रहे हैं. उदयपुर के बाजारों में इन दिनों चांदी की ज्वेलरी की कई आकर्षक वैरायटी देखने को मिल रही हैं. खास बात यह है कि अब चांदी के गहने केवल पारंपरिक डिजाइन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें मॉडर्न और ट्रेडिशनल दोनों तरह के डिजाइन तैयार किए जा रहे हैं.
उदयपुर के मणि ज्वेलर्स के व्यापारी जीतेश जैन ने बताया कि इस बार चांदी की लाइट वेट ज्वेलरी की काफी डिमांड है. महिलाएं ऐसे गहने पसंद कर रही हैं, जिन्हें त्योहारों के साथ-साथ रोजाना भी पहना जा सके. इसके लिए खास तौर पर अलग-अलग डिजाइन के नेकलेस सेट, चोकर, रानी हार, पेंडेंट सेट, इयररिंग्स, झुमके, टॉप्स, अंगूठियां, कंगन, ब्रेसलेट और पायल तैयार की जा रही हैं. इन गहनों में हल्के वजन के साथ आकर्षक डिजाइन का खास ध्यान रखा जा रहा है.
लोग इन्हें गिफ्टिंग के लिए भी कर रहे हैं पसंद
उन्होंने बताया कि इस बार चांदी से बने गोल्ड प्लेटेड गहनों का भी खास क्रेज देखने को मिल रहा है, इनमें सोने जैसी चमक होने के कारण महिलाएं इन्हें काफी पसंद कर रही हैं. गोल्ड प्लेटेड चांदी के नेकलेस सेट, चोकर और हैवी लुक वाले इयररिंग्स की अच्छी मांग है. इसके अलावा अपाचे, कुंदन, डायमंड और पोल्की स्टाइल के डिजाइन भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं. इन गहनों में रंगीन स्टोन, मोती और बारीक कारीगरी का इस्तेमाल करके इन्हें खास लुक दिया जा रहा है. ज्वेलरी की खास बात यह है कि अब ग्राहक केवल भारी गहनों की बजाय ऐसे डिजाइन तलाश रहे हैं, जो दिखने में आकर्षक हों और बजट में भी फिट बैठें. चांदी के गहनों में ऑक्सिडाइज्ड ज्वेलरी, एंटीक डिजाइन के हार, टेंपल ज्वेलरी, फ्लोरल डिजाइन के इयररिंग्स और स्टोन वर्क वाले कंगन भी पसंद किए जा रहे हैं.
वहीं, युवतियां इंडो-वेस्टर्न लुक के लिए सिल्वर चेन, मिनिमल पेंडेंट, लेयर्ड नेकलेस और डिजाइनर रिंग्स खरीद रही हैं. दिवाली पर चांदी के गहनों की मांग सिर्फ खुद की खरीदारी तक सीमित नहीं है, लोग इन्हें गिफ्टिंग के लिए भी पसंद कर रहे हैं. खास तौर पर बहनों, बेटियों, रिश्तेदारों और परिवार की महिलाओं को उपहार देने के लिए छोटे पेंडेंट, इयररिंग्स, अंगूठियां और ब्रेसलेट खरीदे जा रहे हैं. इस दिवाली उदयपुर के ज्वेलरी बाजार में चांदी के गहनों ने अपनी अलग पहचान बनाई है. सोने की बढ़ती कीमतों के बीच चांदी अब महिलाओं के लिए स्टाइल, खूबसूरती और बजट का अच्छा विकल्प बनती जा रही है.



