गैरी सोबर्स नंबर-1, कैलिस दूसरे नंबर पर, बटलर-ब्रॉड ने चुने टॉप-10 ऑल-टाइम टेस्ट ऑलराउंडर, कपिल देव-जडेजा का नाम भी शामिल

नई दिल्ली. क्रिकेट इतिहास में ऑलराउंडरों का स्थान हमेशा खास रहा है. खेल के सबसे लंबे प्रारूप, यानी टेस्ट क्रिकेट में बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख पलटने वाले खिलाड़ियों की अपनी अलग महत्ता होती है. इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड और दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट इतिहास के 10 महानतम ऑलराउंडरों का चयन किया है. इस सर्वकालिक महान सूची में वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स को पहला स्थान मिला है, जबकि दक्षिण अफ्रीका के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में शुमार जैक्स कैलिस को दूसरे नंबर पर रखा है.
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग और तेज गेंदबाज ब्रेट ली जैसे दिग्गजों की ओर से ‘सर्वकालिक महानतम क्रिकेटर’ बताए जाने वाले जैक्स कैलिस को स्टुअर्ट ब्रॉड (Stuart Broad) और जोस बटलर (Jos Buttler) ने इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर रखा है. कैलिस ने अपने 19 साल लंबे इंटरनेशनल करियर में 166 टेस्ट, 328 वनडे और 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 55 से अधिक की औसत से 13,289 रन बनाने के साथ-साथ 292 विकेट भी चटकाए. वहीं, वनडे में कैलिस के नाम 11,579 रन और 273 विकेट दर्ज हैं. खेल के तीनों प्रारूपों में उनका यह प्रदर्शन उन्हें क्रिकेट इतिहास का सबसे प्रभावी ऑलराउंडर बनाता है.
गैरी सोबर्स बने नंबर-1इंग्लैंड के दोनों सितारों के अनुसार, वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान गारफील्ड सोबर्स क्रिकेट इतिहास के सबसे महान टेस्ट ऑलराउंडर हैं. सोबर्स ने मार्च 1954 से अप्रैल 1974 के बीच वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 57.78 की असाधारण औसत से 8,032 रन बनाए और 235 विकेट हासिल किए. सोबर्स का प्रथम श्रेणी करियर भी अद्भुत रहा, जहां उन्होंने 383 मैचों में 28,314 रन बनाने के अलावा 1,043 विकेट अपने नाम किए.
बेन स्टोक्स तीसरे और दोनों भारतीय खिलाड़ी टॉप-10 में शामिलब्रॉड और बटलर की इस शीर्ष-10 सूची में मौजूदा इंग्लिश टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स को तीसरा स्थान मिला है. उनके ठीक बाद इंग्लैंड के ही पूर्व दिग्गज इयान बॉथम चौथे पायदान पर हैं. भारत को 1983 में पहला विश्व कप जिताने वाले पूर्व कप्तान कपिल देव को इस सूची में पांचवां स्थान दिया गया है.
भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को इस सूची में 10वें स्थान पर रखा गया है. जडेजा इस सूची में जगह बनाने वाले एकमात्र सक्रिय (Active) क्रिकेटर हैं. वर्तमान में आईसीसी टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज जडेजा ने 2012 में टेस्ट डेब्यू किया था. उन्होंने अब तक खेले 89 टेस्ट मैचों में 4,095 रन बनाए हैं और 348 विकेट झटके हैं. भारतीय ऑलराउंडर श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं और गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में उनका खेलना तय माना जा रहा है.
पाकिस्तान और अन्य दिग्गजों का दबदबाइस लिस्ट में अन्य महान खिलाड़ियों में पाकिस्तान के विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान को छठा स्थान मिला है. इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ सातवें, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कीथ मिलर आठवें और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान व तेज गेंदबाज शॉन पोलॉक नौवें स्थान पर काबिज हैं.
ब्रॉड और बटलर की सर्वकालिक टॉप-10 टेस्ट ऑलराउंडर लिस्ट: गैरी सोबर्स (वेस्टइंडीज), जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका), बेन स्टोक्स (इंग्लैंड), इयान बॉथम (इंग्लैंड), कपिल देव (भारत), इमरान खान (पाकिस्तान), एंड्रयू फ्लिंटॉफ (इंग्लैंड), कीथ मिलर (ऑस्ट्रेलिया), शॉन पोलॉक (दक्षिण अफ्रीका), रवींद्र जडेजा (भारत).



