क्या ISI भारत में ड्रग्स और हथियारों से अशांति फैलाने की रच रहा साजिश? राजस्थान एटीएस ने किया खुलासा

Last Updated:July 08, 2026, 16:42 IST
Drungs Weapons Gang In rajasthan : एटीएस ने राजस्थान में ISI से जुड़े ड्रग्स-हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़ किया. पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी का नाम सामने आया. गंगानगर, बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर में नेटवर्क फैलाने की कोशिश. राजस्थान एटीएस के एडीजी दिनेश एम एन ने कहा कि कार्रवाई सिर्फ उन लोगों तक सीमित नहीं है जो सीधे आईएसआई के संपर्क में हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की भी पहचान की जा रही है जो लालच या दूसरे कारणों से ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई में शामिल हुए.राजस्थान बॉर्डर पर ड्रग्स और हथियारों का नेटवर्क, एटीएस का बड़ा दावा
जयपुर. राजस्थान की सीमाओं के जरिए ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई को लेकर एटीएस ने बड़ा दावा किया है. एटीएस का कहना है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े नेटवर्क की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. इस पूरे मामले में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी का नाम भी सामने आया है. एटीएस का आरोप है कि शहजाद भट्टी के जरिए राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में ड्रग्स और हथियार पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी. इस मामले में लगातार कार्रवाई करते हुए कई लोगों की पहचान की गई है और कई संदिग्धों को पकड़ा भी गया है.
एटीएस के मुताबिक गंगानगर, बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर जैसे बॉर्डर जिलों में नेटवर्क फैलाने की कोशिश की गई. जांच एजेंसी का कहना है कि सीमा पार से ड्रग्स और हथियार भेजे जा रहे थे और यहां मौजूद कुछ लोगों की मदद से इन्हें आगे पहुंचाने का काम किया जा रहा था. इसी कड़ी में राजस्थान एटीएस लगातार छापेमारी कर रही है और ऐसे लोगों तक पहुंच रही है, जिनके तार इस नेटवर्क से जुड़े होने का शक है.
एडीजी दिनेश एम एन ने क्या कहाराजस्थान एटीएस के एडीजी दिनेश एम एन ने कहा कि कार्रवाई सिर्फ उन लोगों तक सीमित नहीं है जो सीधे आईएसआई के संपर्क में हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की भी पहचान की जा रही है जो लालच या दूसरे कारणों से ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई में शामिल हुए. उनके मुताबिक पिछले कुछ दिनों में एटीएस ने लगातार छापेमारी कर कई लोगों को पकड़ा है और हर उस व्यक्ति की पहचान की जा रही है जिसके आईएसआई से किसी तरह के संबंध मिले हैं. दिनेश एम एन ने यह भी कहा कि सिर्फ शहजाद भट्टी ही इस पूरे मामले का हिस्सा नहीं है. उनके मुताबिक इसके पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के अधिकारी भी सक्रिय हैं. उन्होंने कहा कि सीमा पार से हथियार और ड्रग्स भेजे जाते हैं. साथ ही यहां से फोटो और वीडियो जुटाकर जासूसी कराने की कोशिश भी की जाती है. ऐसे मामलों में लोगों को तरह-तरह के प्रलोभन दिए जाते हैं. एटीएस का कहना है कि जो लोग पाकिस्तान की एजेंसियों के संपर्क में हैं और जो उनके प्रभाव में आकर काम कर रहे हैं, दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
हनुमानगढ़, गंगानगर और बाड़मेर में हुई कार्रवाईएटीएस के मुताबिक कुछ दिन पहले हनुमानगढ़ और गंगानगर से ऐसे लोगों को पकड़ा गया था जो शहजाद भट्टी के लिए रैकी और सप्लाई का काम कर रहे थे. इसके बाद बाड़मेर समेत दूसरे बॉर्डर जिलों में भी छापेमारी की गई. एटीएस का कहना है कि बाड़मेर से भी तीन दिन पहले एक ऐसे व्यक्ति को पकड़ा गया जो भट्टी के लिए काम कर रहा था.
रोहित गोदारा गैंग पर भी कार्रवाई जारीएडीजी दिनेश एम एन ने गैंगस्टर रोहित गोदारा को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि रोहित गोदारा सिर्फ राजस्थान ही नहीं बल्कि पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में वांटेड है. उन्होंने माना कि विदेश में बैठे आरोपी को गिरफ्तार करना आसान नहीं है और इसमें कई चुनौतियां हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि राजस्थान में उसके नेटवर्क को लगातार तोड़ा जा रहा है. एटीएस के मुताबिक अब तक रोहित गोदारा गैंग के पांच से छह मॉड्यूल पकड़े जा चुके हैं. कई हथियार भी बरामद किए गए हैं. दिनेश एम एन ने कहा कि कोशिश यही है कि राज्य में इस गैंग की ओर से फायरिंग और हत्या जैसी वारदातें न हो सकें. साथ ही जिन लोगों को धमकियां मिल रही हैं, उन्हें सुरक्षा देने और गैंग की मदद करने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है.
About the AuthorAnand Pandey
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan



