वो 5 फिल्में, जिसमें थे उदित नारायण के एवरग्रीन SUPERHIT गाने, हर मूवी बस गई दिल में

Last Updated:June 22, 2026, 16:50 IST
80 के दशक में बॉलीवुड में लता मंगेशकर-आशा भोसले का जलवा था. इसी दौर में एक फीमेल प्लेबैक सिंगर अनुराधा पौडवाल ने अपना करियर शुरू किया. अनुराधा पौडवाल को 1983 की ‘हीरो’ फिल्म से ब्रेकथ्रू मिला. उन्होंने बॉलीवुड में खूब नाम कमाया. सबसे दिलचस्प बात यह है कि अनुराधा पौडवाल के बचपन का नाम अलका था. शादी के बाद महाराष्ट्र की परंपरा के मुताबिक उनका नाम बदलकर अनुराधा किया गया. अनुराधा ने उदित नारायण के साथ एक से बढ़कर एक सुपरहिट गाने गाए. पांच ऐसी फिल्में रहीं, जिसमें दोनों ने ब्लॉकबस्टर गाने गाए. पांचों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया.
उदित नारायण और अनुराधा पौडवाल ने 80 के दशक में अपना करियर शुरू किया. सुभाष घई के निर्देशन में बनी सुपरहिट फिल्म ‘हीरो’ ने अनुराधा पौडवाल की आवाज को घर-घर पहुंचाया. इस फिल्म के दो गाने ‘डिंग डॉन्ग’ और ‘तू मेरा हीरो है, तू मेरा दिलवर है’ अनुराधा पौडवाल की आवाज में थे. वैसे ये गाने लता मंगेशकर की आवाज में डब किए जाने थे लेकिन संगीतकार लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल को अनुराधा पौडवाल की आवाज अच्छी लगी तो गाने रिलीज कर दिए. उधर उदित नारायण 1988 में आमिर खान की डेब्यू फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ से ‘पापा कहते हैं’ गाने से रातोंरात पूरे देश में चर्चा में आए. अनुराधा पौडवाल और उदित नारायण ने कई सुपरहिट ड्यूएट सॉन्ग गाए. ज्यादातर फिल्में सुपरहिट रहीं. ये फिल्में थीं : लाल दुपट्टा मलमल का, दिल, बेटा, दाग दि फायर, तुम बिन और ये दिल आशिकाना.
1988-89 के आसपास अनुराधा पौडवाल की मुलाकात टी-सीरीज कंपनी के मालिक गुलशन कुमार से हुई थी. गुलशन कुमार तब एक छोटी सी फिल्म बनाना चाहते थे. अनुराधा पौडवाल ने उनकी मुलाकात संगीतकार आनंद-मिलिंद से करवाई थी. एक छोटी सी म्यूजिकल फिल्म ‘लाल दुपट्टा मलमल का’ बनाई गई. रविंदर पीपट ने इसका डायरेक्शन किया था. साहिल चड्ढा और वेवर्ली लीड चेहरे थे. 2 जून 1989 को यह म्यूजिक वीडियो रिलीज किया गया था. गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी थे. इस फिल्म के सभी गाने सुपरहिट थे. इस म्यूजिक एल्बम का एक गाना ‘क्या करते थे साजना, तुम हमसे दूर रहके’ बहुत पॉप्युलर हुआ. इस गाने को अनुराधा पौडवाल-उदित नारायण ने गाया था. गुलशन कुमार ने इस वीडियो एल्बम का बहुत प्रमोशन किया. दूरदर्शन पर गाने खूब दिखाए गए. आकाशवाणी को भी एबल्म दिया. ‘लाल दुपट्टा मलमल का’ को थिएटर को रिलीज किए बिना ही गुलशन कुमार ने करोड़ों रुपये कमाए.
अनुराधा पौडवाल की शादी 1969 में संगीतकार अरुण पौडवाल से हुई थी. पति अरुण पौडवाल प्रसिद्ध संगीतकार एसडी बर्मन के असिस्टेंट थे. कई फिल्मों में अरुण ने म्यूजिक भी दिया. अनुराधा पौडवाल और उदित नारायण का एक और गाना ‘मुझे नींद ना आए, मुझे चैन ना आए, कोई जाए जरा ढूंढ के लाए, ना जाने कहां दिल खो गया’ खूब पॉप्युलर हुआ. गाना ‘दिल’ फिल्म का था जिसका डायरेक्शन इंदर कुमार ने किया था. इंदर कुमार एक्ट्रेस अरुणा ईरानी के सगे भाई हैं. ‘दिल’ फिल्म का म्यूजिक आनंद-मिलिंद ने कंपोज किया था. गीतकार समीर थे. फिल्म का एक और गाना ‘हम प्यार करने वाले, दुनिया से ना डरने वाले’ भी उदित नारायण-अनुराधा पौडवाल ने गाया था. 22 जून 1990 को रिलीज हुई दिल मूवी में आमिर खान-माधुरी दीक्षित, अनुपम खेर, सईद जाफरी लीड रोल में थे. आमिर खान और माधुरी दीक्षित की जोड़ी ने युवाओं के लिए प्यार की परिभाषा बदल दी. माधुरी दीक्षित और आमिर खान की जोड़ी को दर्शकों ने खूब सराहा था. फिल्म सुपरहिट रही थी.
Add as Preferred Source on Google
अनुराधा पौडवाल और अलका याज्ञनिक के बीच ‘दिल’ फिल्म को लेकर विवाद हुआ. कहा जाता कि इस फिल्म के गाने पहले अलका याज्ञनिक ने गाए थे, बाद में उन्हें अनुराधा पौडवाल की आवाज में डब कराया गया. अनुराधा पौडवाल ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने गुलशन कुमार से ऐसा ना करने के लिए कहा था. इस पर गुलशन कुमार का कहना था कि उन्हें बिजनेस करना है, वो एथिक्स को नहीं मानते. 1989 के आसपास अनुराधा पौडवाल ने ही संगीतकार नदीम-श्रवण की मुलाकात गुलशन कुमार से करवाई थी. नदीम-श्रवण ने गीतकार समीर के साथ में’चाहत’ नाम से एल्बम के लिए गाने रिकॉर्ड किए थे. बाद में इसी एल्बम पर ‘आशिकी’ फिल्म बनाई गई. महेश भट्ट ने इस फिल्म का डायरेक्शन किया था. ‘आशिकी’ के सभी गाने अनुराधा पौडवाल ने ही गाए थे. महेश भट्ट ने ही टी-सीरीज के लिए ‘दिल है की मानता नहीं’ बनाई. म्यूजिक नदीम-श्रवण का था. फिल्म का म्यूजिक सुपरहिट था. इस फिल्म के सभी गाने अनुराधा पौडवाल ने गाए थे. इसी तरह 1991 की फिल्म ‘आई मिलन की रात’ फिल्म का एक गाना ‘मत रो मेरे दिल’ खूब पॉप्युलर हुआ. फिल्म में अविनाश वधावन और शाहीन लीड रोल में थे. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत रही थी.
1992 में उदित नारायण-अनुराधा पौडवाल का एक और आइकॉनिक गाना ‘धक धक करने लगा’ आया. फिल्म थी ‘बेटा’ जिसका निर्देशन इंदर कुमार ने किया था. अनिल कपूर-माधुरी दीक्षित लीड रोल में थे. इसी गाने ने माधुरी को ‘धक धक गर्ल’ की अमर पहचान थी. फिल्म का एक और गाना ‘गोयल सी तेरी बोली’ भी उदित नारायण-अनुराधा की आवाज में था. संगीतकार आनंद-मिलिंद थे. गीतकार समीर थे. बेटा फिल्म की स्टोरी के. भाग्यराज की थी कमलेश पांडेय ने डायलॉग लिखे थे. स्क्रीनप्ले ग्यानदेव अग्निहोत्री, राजीव कौल और प्रकाश पारेख ने लिखा था. यह फिल्म 1987 की एक तमिल फिल्म ‘एंगा चिन्ना रासा’ का रीमेक थी. यह फिल्म 1992 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों से एक थी. फिल्म ने उस समय करीब 23.5 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक सुपर-डुपर हिट फिल्म साबित हुई थी. ‘धक-धक करने लगा’ फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद मूवी में जोड़ा गया था.
अनुराधा पौडवाल-उदित नारायण का एक और गाना ‘परदेसिया इतना बता सजना’ बहुत पॉप्युलर हुआ. गाना ‘दाग दि फायर’ फिल्म का था जो 12 फरवरी 1999 को रिलीज हुई थी. डायरेक्टर राज कंवर थे. स्क्रीनप्ले रॉबिन भट्ट-आकाश खुराना ने लिखा था. यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म थी जिसमें चंद्रचूड़ सिंह, महिमा चौधरी, संजय दत्त लीड रोल में थे. फिल्म का म्यूजिक राजेश रोशन ने कंपोज किया था. गीतकार समीर थे. फिल्म में अनुराधा पौडवाल का एक सोलो सॉन्ग ‘दिल दीवाना ना जाने कब खो गया’ भी हिट हुआ था. 6.75 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 20.28 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक हिट फिल्म साबित हुई थी.
अनुराधा पौडवाल के पति अरुण पौडवाल का लंबी बीमारी के बाद 1991 में निधन हो गया था. फिर भी उन्होंने सिंगिंग जारी रखी. 2001 में अनुराधा पौडवाल और उदित नारायण के एक सुपरहिट गाने ने धूम मचा दी थी. गाने के बोल ‘तुम्हारे सिवा कुछ ना चाहत करेंगे’ थे. फिल्म थी ‘तुम बिन’ जो कि 13 जुलई 2001 को रिलीज हुई थी. गुलशन कुमार के निधन के बाद उनके बेटे भूषण कुमार ने यह मूवी प्रोड्यूस की थी. निर्देशक अनुभव सिन्हा थे. फिल्म में म्यूजिक निखिल-विनय का था. गीतकार फैज अनवर थे. इसी फिल्म का एक और गाना ‘छोटी-छोटी रातें, लंबी हो जाती हैं’ भी अनुराधा पौडवाल की आवाज में खूब पॉप्युलर हुआ था. पौने 3 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 8.28 करोड़ का कलेक्शन किया था. यह एक हिट फिल्म साबित हुई थी.
अगले साल 2002 में अनुराधा पौडवाल और उदित नारायण की जोड़ी ने फिर से ‘ये दिल आशिकाना’ फिल्म में धमाका किया. 18 जनवरी 2002 में रिलीज फिल्म ‘ये दिल आशिकाना’ का निर्देशन कुकू कोहली ने किया था. कुकू कोहली बॉलीवुड की वेटरन एक्ट्रेस अरुणा ईरानी के पति हैं. फिल्म में करण नाथ और जिविधा शर्मा लीड रोल में थे. कहानी कुकू कोहली ने लिखी थी. डायलॉग तनवीर खान ने लिखे थे. फिल्म का म्यूजिक नदीम-श्रवण ने कंपोज किया था. फिल्म का एक गाना ‘उठा ले जाऊंगा, तुझे मैं डोली में’ आज भी शादी-विवाह में सुनाई देता है. यह गाना अनुराधा पौडवाल-उदित नारायण की आवाज में था. 4 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 10 करोड़ की कमाई की थी. बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म हिट रही थी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



