World

62 साल की उम्र में दूसरी शादी करने वाले आस्ट्रेलियाई पीएम की लव स्टोरी, तलाक के बाद प्यार की कहानी

आमतौर पर ऐसा कम ही होता है. आस्ट्रेलिया का प्राइम मिनिस्टर हाउस हाल में एक ऐसी शादी का गवाह बना, जिसकी लव स्टोरी के चर्चे पूरी दुनिया में हैं. वैसे भी प्राइम मिनिस्टर हाउस में इस तरह की शादियां होती नहीं. जब खुद प्रधानमंत्री 62 साल का हो. और खुद ही अपने सरकारी आवास में दूसरी शादी रचा रहा हो तो उसको क्या कहेंगे. चंद दिनों पहले ही उनका तलाक हुआ था. उनके पहले प्यार और पहली शादी की दुहाइयां दी जाती थीं. फिर एक दिन उनकी आंखें किसी और से लड़ीं. फिर बहुत तेजी से उनका प्यार परवान चढ़ा. तड़ से दूसरी शादी कर डाली.

तो आप भी चाहते हैं कि आपको ये तलाक, बिछुड़ना, फिर किसी से मिलना और उससे प्यार कर बैठना वाली लव स्टोरी बताई जाए. वैसे ये तो जान लीजिए कि दुनियाभर के प्रेसीडेंट और प्राइम मिनिस्टर ना इस तरह लव कर पाते हैं और ना ही इस उम्र में शीर्ष पद पर बैठे हुए दूसरी शादी के बारे में सोचते हैं लेकिन यही तो खास बात है कि आस्ट्रेलिया के 62 साल के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने तलाक के बाद दिल टूट जाने के बाद ऐसा किया. वैसे उनकी पहली लव स्टोरी भी गजब ही थी.

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बनीज ने नवंबर के आखिरी हफ्ते में जूडी हेयडन से शादी रचाई. शादी 29 नवंबर को कैनबरा के “द लॉज” में एक अंतरंग समारोह में हुई. ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास पर पहली बार कोई शादी हो रही थी और वो भी उसके खुद के प्राइम मिनिस्टर की. आपको ये बता दें कि उन्होंने पहली शादी दो चार साल नहीं बल्कि 30 सालों तक निभाई थी. फिर ऐसा क्या हो गया कि ये शादी अचानक टूट गई. इसके बाद तन्हा हो गए अल्बनीज के जीवन में 15 साल छोटी जूडी अनायास ही आईं.

आस्ट्रेलियाई प्राइम मिनिस्टर अल्बनीज और उनकी दूसरी बीवी जूडी

पहला प्यार, जो 30 सालों तक चला

चलिए पहले तो उनकी पहली शादी और पहले लव के बारे में जानते हैं. पहली पत्नी का नाम था कार्मेल टेबुट. दोनों के प्यार और फिर शादी का अटूट बंधन 30 सालों से ज्यादा समय तक चला. बेटा बड़ा हो चुका है. लगता था कि अब इस शादी में कोई संकट नहीं आने वाला. ये तो चलती ही रहेगी. लेकिन यही तो जीवन की अनिश्चितता है संबंध जब टूटा तो एक झटके में टूटा.

संघर्ष वाला बचपन

एंथनी अल्बनीज का जन्म 1963 में सिडनी के एक गरीब इलाके कैंब्रे में हुआ. उनकी सिंगल मां ने उन्हें पाला. कहा जाता है कि उनकी मां को किसी से सीक्रेट लव हो गया. जिससे वह पैदा हुए लेकिन पिता छोड़कर चले गए.

अल्बनीज का बचपन बहुत संघर्ष वाला था. 1985 में अल्बनीज ने 22 वर्ष की उम्र में ऑस्ट्रेलियाई लेबर पार्टी के सक्रिय युवा कार्यकर्ता बन गए. पार्टी की ही एक और उभरती हुई सदस्य थीं कार्मेल टेबुट. उनसे एक साल छोटी. वह सिडनी की उभरती हुई नेता थी. मिडिल क्लास फैमिली से संबंध रखती थीं. दोनों की पहली मुलाकात एक पार्टी मीटिंग में हुई. कार्मेल की तेज बुद्धि और सामाजिक न्याय के प्रति जुनून ने अल्बनीज को प्रभावित किया.

29 नवंबर को हुई शादी के दौरान आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बनीज और जूडी

दिलोजान से प्यार 

अल्बनीज ने बाद में एक इंटरव्यू में बताया कि कार्मेल “मेरा पहला सच्चा प्यार” थीं. वे दोनों एक-दूसरे के सपनों के साथी बने. 1980 के दशक के अंत तक उनका रिश्ता गहरा हो गया. दोनों दिलोजान से एक दूसरे से प्रेम करने लगे. तब अल्बनीज सिडनी विश्वविद्यालय से इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कर रहे थे. वह कार्मेल के साथ खूब समय बिताते, देर रात तक राजनीतिक बहसों में डूबे रहते.

और फिर शादी 

कार्मेल बाद में न्यू साउथ वेल्स की डिप्टी प्रीमियर बनीं. 1990 के दशक में जब अल्बनीज सिडनी के मेयर के रूप में जब उभरे तो उनका रिश्ता और मजबूत हुआ. वर्ष 2000 में 37 वर्ष की उम्र में उन्होंने कार्मेल से शादी की. शादी सिडनी में एक सादगी से हुई. परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल थे.

शादी के बाद जीवन एक आदर्श जोड़े जैसा लग रहा था. 2001 में उनके बेटे नाथन का जन्म हुआ. 2007 में अल्बनीज सांसद बन चुके थे. वो दोनों के करियर को सपोर्ट करते थे. दोनों लेबर पार्टी के प्रमुख चेहरे थे – अल्बनीज केंद्र के स्तर पर और कार्मेल राज्य स्तर पर. हालांकि राजनीति की भागदौड़ ने उनके रिश्ते पर असर डाला.

आस्ट्रेलिया प्राइम मिनिस्टर अल्बनीज और उनकी पहली पत्नी कार्मेल

राजनीतिक करियर ने दूरियां पैदा कीं

अल्बनीज अक्सर कैनबरा में रहते जबकि कार्मेल सिडनी में. दोनों का प्रेम अबाध तरीके से चल रहा था. बस मुलाकात सप्ताहांत में ही हो पाती थी. लेकिन कुछ बदल भी रहा था. कार्मेल ने 2015 में राजनीति से संन्यास ले लिया. अल्बनीज का करियर चरम पर था. कहीं ना कहीं दोनों का जीवन एक दूसरे के साथ पटरी से उतरने लगा था. टूटन होने लगी थी.

फिर रिश्ता एक दिन अचानक टूटा

आखिर 30 वर्षों का रिश्ता 1 जनवरी 2019 को टूट गया. न्यू ईयर की सुबह जब अल्बनीज और कार्मेल सिडनी में घर पर थे. कार्मेल ने अचानक कहा, “मैं नई दिशा में जाना चाहती हूं.” अल्बनीज पूरी तरह स्तब्ध थे. उन्होंने बाद में एक इंटरव्यू में खुलासा किया, “यह मेरे लिए बिजली गिरने जैसा था. मैंने कभी सोचा नहीं था कि हमारा रिश्ता टूटेगा.” कार्मेल ने बताया कि वे सालों से अलगाव महसूस कर रही थीं. राजनीति ने उनके बीच दूरी पैदा कर दी थी – अल्बनीज की लगातार यात्राएं, लंबे काम के घंटे और भावनात्मक थकान.

आस्ट्रेलिया प्राइम मिनिस्टर अल्बनीज का कहना है कि उनके जीवन में तलाक के बाद प्यार के रूप में आईं जूडी ने उन्हें हंसना सिखाया.

तलाक के बाद टूट गए

तलाक की प्रक्रिया मैत्रीपूर्ण रही. दोनों ने बेटे नाथन की कस्टडी शेयर की. 7 जनवरी 2019 को अल्बनीज ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की, “हम दोस्त बने रहेंगे.” हालांकि अंदर से अल्बनीज टूट चुके थे. उन्होंने दो सप्ताह तक अकेले समय बिताया, दोस्तों से बात की. खुद को संभाला. कार्मेल अब भी अल्बनीज की करीबी हैं; वे नाथन को एक साथ पालते हैं. तलाक ने अल्बनीज को सिखाया कि प्रेम कभी-कभी अलगाव में भी बंधन बनाए रखता है.

फिर जिंदगी में नया मोड़

तलाक के ठीक 10 महीने बाद अक्टूबर 2019 में अल्बनीज की जिंदगी में नया मोड़ आया. वे तब विपक्ष के नेता थे. मेलबर्न में एक बिजनेस डिनर इवेंट पर स्पीकर के रूप में आमंत्रित थे. दर्शक वर्ग में 41 वर्षीय हेयडन भी थीं – एक फाइनेंशियल कंसल्टेंट और रग्बी लीग की फैन. जब अल्बनीज अपनी स्पीच दे रहे थे तो जूडी अचानक चिल्लाई, “अप द रैबिटोज!”, ये सिडनी रग्बी रैबिटोज टीम का नारा था. ये अल्बनीज की भी सबसे पसंदीदा रग्बी लीग टीम है.

अल्बनीज मुस्कुराए. स्पीच में इसका जिक्र किया. इवेंट के बाद जूडी ने अल्बनीज को सोशल मीडिया पर डायरेक्ट मैसेज भेजा, “रैबिटोज फैन? क्या आपका कोई और फैन है?” अल्बनीज ने जवाब दिया और बातचीत शुरू हो गई.

आस्ट्रेलिया प्राइम मिनिस्टर अल्बनीज का बेटा नाथन अपनी मां और अल्बनीज की पहली पत्नी कार्मेल के साथ.

फिर दूसरा प्यार जीवन में रंग भरने लगा

दोनों की पहली औपचारिक मुलाकात संयोग से एक दूसरे इवेंट में हुई. अल्बनीज ने जूडी को डिनर पर बुलाया तो दोनों को लगने लगा कि कोई बात है, जो दोनों को एक दूसरे की ओर खींच रही है. जूडी सिंगल मदर हैं, एक बेटी की मां. इसके बाद दोनों की मुलाकातें होने लगीं. अल्बनीज को जूडी का साथ अच्छा लगने लगा. उन्होंने कहा, “जूडी ने मुझे हंसना सिखाया. तलाक के बाद मैं उदास था, लेकिन उसकी ऊर्जा ने मुझे नया जीवन दिया.”

रोमांस 2019 के अंत से शुरू हुआ. शुरू में तो किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. 2020 में, जब अल्बनीज विपक्ष के नेता बने तो जूडी उनकी सबसे बड़ी सपोर्टर बनीं. रिश्ता गहरा होने लगा. 2021 में अल्बनीज ने जूडी को सार्वजनिक रूप से पेश किया. चुनौतियां तो आईं. अल्बनीज की व्यस्तता, मीडिया का दबाव, और उम्र का अंतर.

जब पीएम ने प्रोपोज किया और दूसरी शादी

प्यार तो प्यार होता है. जूडी तमाम मुश्किलों के बाद भी एंथनी को प्यार करती रहीं. इसका इजहार करती रहीं. 2022 में अल्बनीज प्रधानमंत्री बने, तो जूडी उनकी पहली महिला पार्टनर बनीं. 14 फरवरी 2024 को वैलेंटाइन डे पर अल्बनीज ने प्रपोज किया. सिडनी हार्बर ब्रिज पर, रैबिटोज मैच के बाद. जूडी तो हां कहने के लिए ना जाने कब से तैयार बैठी थीं.

शादी की तैयारी गुप्त रही. 29 नवंबर 2025 को 62 वर्षीय अल्बनीज और 47 वर्षीय जूडी ने शादी कर ली. 50 मेहमान – परिवार, दोस्त और बेटा नाथन. अल्बनीज ने सूट पहना, जूडी ने सफेद गाउन.

एंथनी अल्बनीज की लव स्टोरी दर्द और खुशी का मिश्रण है. कार्मेल के साथ 30 वर्षों ने उन्हें मजबूत बनाया तो तलाक ने सिखाया कि जीवन में ऐसा भी हो जाता है. फिर जूडी ने जीवन को फिर रंगों से भर दिया. आज वह, जूडी, बेटा नाथन और जूडी की बेटी एक खुशहाल परिवार हैं. यह कहानी बताती है कि प्रेम उम्र, राजनीति से परे होता है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj