National

Monsoon Rain Live Updates: भिवंडी में बारिश बनी आफत, तीनबत्ती इलाका पानी में डूबा, मंत्री और अधिकारियों के साथ CM फडणवीस ने संभाला मोर्चा

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में क्वार हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट साइट पर बादल फटने और भारी बारिश के कारण बड़ा हादसा हो गया. अचानक आए मलबे के तेज बहाव ने परियोजना स्थल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई वाहन कीचड़, चट्टानों और मलबे के नीचे दब गए. फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

दरअसल शभर में मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है. बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव और अरब सागर में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण पूरे भारत में मानसून बेहद सक्रिय हो गया है. इसके मद्देनजर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज देश के कई हिस्सों में भारी से बेहद भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान 15 से ज्यादा राज्यों में बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन ओडिशा के बालासोर तट को पार करके बंगाल, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार की ओर बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे तक इन इलाकों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक अंडमान-निकोबार, तेलंगाना, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. वहीं राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना है.

Monsoon Rain Live Updates: देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रियों और अधिकारियों के साथ की मीटिंग

महाराष्ट्र में बारिश के हालात को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन कक्ष अलर्ट मोड पर है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने मंत्री और अधिकारियों के साथ राज्य आपदा प्रबंधन कक्ष का दौरा कर राज्य में हो रही भारी बारिश की स्थिति, मौसम विभाग के पूर्वानुमान और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई. इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें और पूरी तरह सतर्क रहें.

Monsoon Rain Live Updates: भिवंडी की दुकानों में घुसा पानी, लोगों को कमरभर पानी से गुजरना पड़ा

महाराष्ट्र के भिवंडी में सोमवार सुबह से जारी मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है. शहर का तीनबत्ती इलाका पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. कई दुकानों में बारिश का पानी घुसने से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. भिवंडी में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण तीनबत्ती क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. सड़कों पर कमरभर पानी भर जाने से लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया. स्थानीय लोगों और राहगीरों को जान जोखिम में डालकर पानी के बीच रास्ता तलाशते हुए गुजरना पड़ा. बारिश का पानी दुकानों में घुसने से बड़ी मात्रा में सामान खराब हो गया, जिससे व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर नालों की सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई.

Monsoon Rain Live Updates: गुजरात में मानसून का कहर, बारिश में बह गई सड़क

गुजरात के अमरेली में भारी बारिश के बाद चरखड़िया गांव के पास सड़क का हिस्सा बह गया, जिससे अमरेली-सावरकुंडला राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया है.

#WATCH अमरेली(गुजरात): भारी बारिश के बाद चरखड़िया गांव के पास सड़क का हिस्सा बह गया। अमरेली-सावरकुंडला राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया है। pic.twitter.com/764j8m8Zix

— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 6, 2026

Monsoon Rain Live Updates: सातारा में मूसलाधार बारिश का कहर, पुल बहने से होटलों में फंसे पर्यटक

महाराष्ट्र के सातारा जिले स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल महाबलेश्वर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा हादसा सामने आया है. यहां वेण्णा नदी पर बना एक छोटा पुल टूट गया, जिससे सड़क के दूसरी ओर स्थित होटलों में ठहरे कई पर्यटक फंस गए हैं. घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है.

पुल टूटने के कारण पर्यटकों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है. प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं. वहीं, दूसरी ओर खड़े वाहनों को भी क्रेन की मदद से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है.

लगातार हो रही भारी बारिश से महाबलेश्वर के वेण्णा लेक और लिंगमाला इलाके में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है. कई घरों के चारों ओर पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Monsoon Rain Live Updates: मूसलाधार बारिश से मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बना तालाब, कई गाड़ियां खराब

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर पानी भर गया है. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से पूरा एक्सप्रेसवे तालाब जैसा दिख रहा है. इस कारण कई गाड़ियां खराब हो गई हैं.

Monsoon Rain Live Updates: ‘चिंता की कोई बात नहीं…’ किश्तवाड़ में बादल फटने पर बोले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह

किश्तवाड़ में बादल फटने की खबर पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘अभी-अभी किश्तवाड़ से खबर मिली कि अचानक आई बाढ़ का पानी 540 MW के निर्माणाधीन ‘क्वार हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट’ के परिसर में घुस गया है. मैंने इस बारे में डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार से बात की. अच्छी बात यह है कि जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है. प्रोजेक्ट से जुड़ी कुछ मशीनरी को भी बिना किसी नुकसान के हटा लिया गया है. कुल मिलाकर, निर्माणाधीन प्रोजेक्ट का हर हिस्सा सुरक्षित है और उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. चिंता की कोई बात नहीं है.’

Monsoon Rain Live Updates: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में फटा बादल, मलबे में दबीं कई गाड़ियां; हाईवे भी बंद

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में निर्माणाधीन क्वार हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट साइट पर रविवार देर रात बादल फटने और भारी बारिश के कारण बड़ा हादसा हो गया. अचानक आए मलबे के तेज बहाव ने परियोजना स्थल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई वाहन कीचड़, चट्टानों और मलबे के नीचे दब गए. फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

वहीं, लगातार हो रही बारिश के चलते डोडा जिले के प्रेम नगर इलाके में भी भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ. पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा जम्मू-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गिरा, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई और किश्तवाड़ की ओर जाने वाला यातायात ठप हो गया.

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दलों को तैनात कर दिया है. सड़क से मलबा हटाने और जम्मू-किश्तवाड़ मार्ग पर यातायात जल्द से जल्द बहाल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है. मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए अधिकारी हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है.

Monsoon Rain Live Updates: सावधान! 2-3 घंटे में होगी मूसलाधार बारिश, महाराष्ट्र-गुजरात के लिए IMD का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले दो से तीन घंटों के लिए देश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. महाराष्ट्र के मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, पालघर, रायगढ़ और ठाणे में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की बहुत अधिक संभावना जताई गई है. छत्तीसगढ़ के बालोद, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद और रायपुर में भी इसी तरह की गंभीर मौसम स्थिति को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है.

इसके अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों, गुजरात, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया है कि इन इलाकों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.

लोगों को सलाह दी गई है कि वे खुले स्थानों में या पेड़ों के नीचे शरण न लें, कमजोर ढांचों से दूर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें. साथ ही प्रशासन और ट्रैफिक से जुड़े अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने की अपील की गई है.

Monsoon Rain Live Updates: मुंबई में मूसलाधार बारिश का कहर, स्कूल-कॉलेज बंद, उड़ानें और लोकल सेवाएं प्रभावित

मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. आईएमडी ने भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है. वहीं बीएमसी ने एहतियात के तौर पर सोमवार को मुंबई के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है. छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है. मुंबई के अलावा ठाणे, नवी मुंबई और पालघर में भी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. हालांकि, सरकारी और निजी कार्यालय सामान्य रूप से खुले रहेंगे तथा तय समय के अनुसार कामकाज जारी रहेगा.

बारिश का असर परिवहन व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है. छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तेज बारिश, 42 नॉट्स तक की रफ्तार से चली हवाओं और कम दृश्यता के कारण रनवे संचालन लगभग एक घंटे तक रोकना पड़ा. इसके चलते चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 13 विमानों को निकटवर्ती हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया. वहीं, कुर्ला स्थित लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) सहित 10 से अधिक प्रमुख स्थानों पर जलभराव के कारण मुंबई लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित रहीं और कई ट्रेनें देरी से चलीं.

Monsoon Rain Live Updates: ओडिशा के संबलपुर में बारिश का कहर, आज सारे स्कूल-कॉलेज बंद

ओडिशा के संबलपुर में भारी बारिश और लगातार खराब मौसम के कारण, संबलपुर ज़िले के सभी स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी और अन्य शिक्षण संस्थान 6 जुलाई को बंद रहेंगे. छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, संबलपुर के कलेक्टर और DM ने SMC क्षेत्र, धनकौडा ब्लॉक और पूरे ज़िले में एहतियात के तौर पर इन्हें बंद रखने का आदेश दिया है.

Monsoon Rain Live Updates: मुंबई-पुणे रेल रूट पर भूस्खलन का कहर, कई एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द, कई डायवर्ट

महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रेल सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है. सोमवार तड़के मुंबई-पुणे के बीच सबसे व्यस्त रेल मार्ग पर कई जगह भूस्खलन होने से ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया. कर्जत के पास ठाकुरवाड़ी रेलवे स्टेशन और खंडाला- मंकी हिल सेक्शन में हुए लैंडस्लाइड के कारण इस घाट सेक्शन की तीनों रेलवे लाइनें मलबे से पट गईं, जिसके बाद कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कई अन्य ट्रेनों का रूट बदल दिया गया.

सेंट्रल रेलवे के अनुसार, पहला भूस्खलन कर्जत के नजदीक ठाकुरवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास हुआ. इसके कुछ देर बाद सुबह करीब 3:05 बजे खंडाला और मंकी हिल के बीच मिडिल लाइन पर भी पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर रेलवे ट्रैक पर आ गिरे. दोनों घटनाओं के चलते मुंबई-पुणे घाट सेक्शन की सभी तीन रेलवे लाइनें प्रभावित हो गईं.

रेलवे अधिकारियों ने तत्काल सुरक्षा कारणों से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी और मलबा हटाने का अभियान शुरू किया. इंजीनियरिंग और ट्रैक मेंटेनेंस की टीमें मौके पर पहुंचकर ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने में जुटी हैं.

Monsoon Rain Live Updates: गुजरात-महाराष्ट्र में कब तक कहर ढाहती रहेगी बारिश, डरा रही हैं ISRO की तस्वीरें

इसरो की सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बादलों का बड़ा घेरा बना हुआ है, जिनसे गुजरात-महाराष्ट्र के साथ पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बिहार-झारखंड में ज़ोरदार बारिश हो रही है. इन तस्वीरों में दोनों सिस्टम में बादलों के ऊपरी हिस्से बहुत ठंडे और चमकदार सफ़ेद दिखाई दे रहे हैं, जो जोरदार तूफानी गतिविधि का संकेत हैं; इनसे भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj