किम जोंग का खतरनाक प्लान, नई तोप से दक्षिण कोरिया को मिट्टी में मिलाने की तैयारी, 60KM तक बरसेगी तबाही की आग

Agency:एजेंसियां
Last Updated:May 08, 2026, 12:28 IST
North Korea News: उत्तर कोरिया ने घोषणा की है कि वह लंबी दूरी की नई तोप प्रणालियां तैनात करेगा, जो दक्षिण कोरिया की राजधानी क्षेत्र को निशाना बना सकती हैं. किम जोंग उन ने हथियार फैक्ट्री का दौरा कर उत्पादन की समीक्षा की. इसके साथ ही नया विध्वंसक पोत भी जल्द नौसेना में शामिल किया जाएगा.
North Korea News: कोरियाई प्रायद्वीप में एक बार फिर तनाव बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. उत्तर कोरिया ने साफ संकेत दिया है कि वह इस साल अपनी सैन्य ताकत को और बढ़ाने जा रहा है. शुक्रवार को उत्तर कोरिया ने घोषणा की कि वह लंबी दूरी की नई तोप प्रणालियां तैनात करेगा, जो सीधे दक्षिण कोरिया की राजधानी क्षेत्र को निशाना बना सकती हैं. इसके साथ ही उसने आने वाले हफ्तों में अपना पहला नेवी डिस्ट्रॉयर जहाज सेवा में शामिल करने की भी बात कही है. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब 6 मई को दक्षिण कोरिया ने दावा किया था कि उत्तर कोरिया ने अपने संविधान से कोरियाई एकीकरण से जुड़े सभी संदर्भ हटा दिए हैं. इस कदम को उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें वह दक्षिण कोरिया के साथ संबंध खत्म कर दो अलग-अलग राष्ट्रों की व्यवस्था को मजबूत करना चाहते हैं. पहले दोनों देश यह मानते थे कि वह एक हैं, बस दो अलग-अलग हिस्से हैं. लेकिन किम अपने कदम से कहना चाहते हैं कि तुम हमारी जमीन न छुओ हम तुम्हारी जमीन नहीं छुएंगे और हम आपस में दुश्मन हैं.
उत्तर कोरिया की सरकारी एजेंसी KCNA के मुताबिक, किम जोंग उन ने बुधवार को एक हथियार फैक्ट्री का दौरा किया. यहां उन्होंने 155 मिलीमीटर की ऑटोमैटिक तोप-होवित्जर के उत्पादन का निरीक्षण किया. रिपोर्ट के अनुसार, इन तोपों को इसी साल दक्षिणी सीमा के पास तैनात किया जाएगा, जिससे दक्षिण कोरिया पर सीधा सैन्य दबाव बढ़ सकता है. KCNA के मुताबिक, किम ने कहा कि इन नई तोपों की मारक क्षमता 60 किलोमीटर से ज्यादा है. उन्होंने दावा किया कि इस तरह की बढ़ी हुई मारक क्षमता और तकनीकी सुधार से उत्तर कोरिया की जमीनी सैन्य ताकत को बड़ा फायदा मिलेगा और उसके ऑपरेशन और ज्यादा प्रभावी होंगे.
दक्षिण कोरिया को निशाने पर लेने की तैयारी
किम जोंग उन ने यह भी संकेत दिया कि सिर्फ तोपें ही नहीं, बल्कि अलग-अलग तरह की मिसाइल प्रणालियां और शक्तिशाली मल्टी-रॉकेट लॉन्च सिस्टम भी सीमा पर तैनात किए जाएंगे. यह कदम साफ तौर पर दक्षिण कोरिया के खिलाफ सैन्य दबाव बढ़ाने की दिशा में देखा जा रहा है. इसी बीच, उत्तर कोरिया ने अपनी नौसैनिक ताकत बढ़ाने की भी तैयारी तेज कर दी है. केसीएनए के अनुसार, किम ने गुरुवार को देश के पश्चिमी तट के पास एक नए विध्वंसक पोत ‘चो ह्योन’ पर सवार होकर उसकी संचालन क्षमता की समीक्षा की. रिपोर्ट में कहा गया है कि इस पोत के सभी परीक्षण सफल रहे हैं और किम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इसे जून के मध्य तक नौसेना को सौंप दिया जाए.
किम की बेटी भी अपने पिता के साथ दिखीं
इस दौरान सामने आई तस्वीरों में किम की बेटी भी उनके साथ नजर आईं. वह पोत पर अपने पिता के साथ मौजूद थीं और नौसेना के कर्मियों के साथ बातचीत के दौरान भी दिखाई दीं. एक तस्वीर में दोनों चालक दल के साथ भोजन करते हुए भी नजर आए. दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी पहले ही संकेत दे चुकी है कि किम की बेटी को भविष्य में उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा सकता है.
About the AuthorYogendra Mishra
योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब हिंदी के इंटरने…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



