डायरेक्टर को पसंद आई ‘फ्लॉप’ फिल्म, बनाई ऐसी मूवी, पूरी दुनिया में बजा डंका, बॉलीवुड को मिला नया सुपर स्टार

Last Updated:July 07, 2026, 16:34 IST
जब कोई फिल्म फ्लॉप हो जाती है तो डायरेक्टर-प्रोड्यूसर से लेकर हीरो-हीरोइन उसे बुरा सपना मानते हुए भुलाने की कोशिश करते हैं. वो भूलकर भी अपनी फ्लॉप फिल्म का जिक्र नहीं करते. यही वजह है कि सुपरहिट-ब्लॉकबस्टर फिल्म का रीमेक तो बनाया जाता है लेकिन फ्लॉप फिल्म का रीमेक शायद ही कोई बनाता हो. अगर सेम सब्जेक्ट पर बनी फिल्म फ्लॉप हो जाए तो डायरेक्टर अपनी कहानी बदल देते हैं. 80 के दशक में एक डायरेक्टर ने फ्लॉप फिल्म से मिलती-जुलती फिल्म बनाई. शुरुआत में डायरेक्टर इसे खरीदने के लिए तैयार नहीं थे. बाद में इसी मूवी ने पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया. वो फिल्म कौन सी थे, आइये जानते हैं……..
कुछ ही ‘फ्लॉप’ फिल्में ऐसी होंगी कि दर्शकों के दिल में बस जाती हैं. ज्यादातर लोगों का नजरिया फ्लॉप फिल्मों को लेकर बहुत अच्छा नहीं होता. फिल्म इंडस्ट्री का कोई भी शख्स फ्लॉप फिल्म से मिलती-जुलती कहानी पर मूवी बनाने की नहीं सोच सकता. फिर भी कुछ डायरेक्टर-प्रोड्यूसर ऐसे हुए हैं जिन्होंने इस परिपाटी को तोड़ा. 80 के दशक में बॉलीवुड डायरेक्टर बी. सुभाष ने फ्लॉप फिल्म की कहानी में थोड़ा बहुत बदलाव करके फिर से नई फिल्म बनाई. किस्मत ने ऐसा साथ दिया कि इसी फिल्म ने पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया. इस फिल्म का नाम ‘डिस्को डांसर’ था. इसी फिल्म से मिथुन चक्रवर्ती रातोंरात स्टार बने. आइये जानते हैं इस फिल्म से जुड़े दिलचस्प फैक्ट्स……..
‘डिस्को डांसर’ का नाम लेते ही हमारी आंखों के सामने बॉलीवुड सुपर स्टार मिथुन चक्रवर्ती का चेहरा घूमने लगता है. इसी फिल्म ने उन्हें रातोंरात सुपर स्टार बनाया. बहुत कम लोग यह जानते हैं कि इसी तरह के सब्जेक्ट पर बनी एक फिल्म फ्लॉप हो गई थी. इस मूवी का नाम ‘स्टार’ था जिसमें कुमार गौरव लीड हीरो थे. यह फिल्म 22 अक्टूबर 1982 को रिलीज हुए थी. दो महीने बाद बी. सुभाष की इसी थीम पर बेस्ड मूवी ‘डिस्को डांसर’ आई. शुरुआत में डिस्ट्रीब्यूटर्स इस फिल्म को खरीदने के लिए तैयार नहीं थे. वजह इसी सब्जेक्ट पर बनी फिल्म ‘स्टार’ का फ्लॉप हो जान था. फिर ऐसा चमत्कार हुआ जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. ‘डिस्को डांसर’ ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए थे.
मिथुन चक्रवर्ती ने 1976 में मृगया फिल्म से डेब्यू किया था. डेब्यू फिल्म में ही उन्हें बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था. स्टारडम पाने के लिए मिथुन को पूरे 6 साल का इंतजार करना पड़ा. उन्हें स्टारडम मिला ‘डिस्को डांसर’ मूवी से जो कि 17 दिसंबर 1982 को रिलीज हुई थी. फिल्म के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर बब्बर सुभाष थे.
Add as Preferred Source on Google
‘डिस्को डांसर’ का म्यूजिक बप्पी लाहिरी का था. गीतकार अनजान थे. फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती के अलावा, किम, ओम शिवपुरी, ओमपुरी, करन राजदान, कल्पना अय्यर जैसे सितारे भी थे. राजेश खन्ना का स्पेशल अपीयरेंस था. राजेश खन्ना से जब बी. सुभाष ने मदद मांगी तो उन्होंने कहा था कि वैसे तो मैं इस तरह के रोल नहीं करता. फिर भी तुम्हारे लिए करूंगा. अगर फिल्म फ्लॉप हुई तो मेरी इमेज खराब होगी. फिल्म में राजेश खन्ना पर फेमस गाना ‘गोरो की ना कालों की, दुनिया है दिलवालों की’ फिल्माया गया था. गाना फिल्म में दो बार चलता है.
बी. सुभाष ने बुनियाद (1972), अपना खून, जालिम और तकदीर का बादशाह जैसी फिल्में बनाई हैं. डिस्को डांसर उनके करियर के सबसे कमाऊ फिल्म है. कहा जाता है कि ‘तकदीर का बादशाह’ के सेट पर मिथुन उदास बैठे हुए थे. बी. सुभाष ने जब इसकी वजह पूछी तो मिथुन ने कहा कि वो बहुत मेहनत कर रहे हैं, फिर भी उनकी कोई फिल्म हिट नहीं हो पा रही है. ऐसे में बी. सुभाष ने उनके साथ एक सुपरहिट फिल्म बनाने का वादा किया. उन्होंने कहा था कि यह फिल्म आपको घर-घर में पॉप्युलर कर देगी. हुआ भी कुछ ऐसा ही. फिर उन्होंने ‘डिस्को डांसर’ बनाई जिसने मिथुन चक्रवर्ती को स्टार बनाया.
‘डिस्को डांसर’ का म्यूजिक बप्पी लाहिरी ने कंपोज किया था. गीतकार अनजान थे. म्यूजिक पूरी तरह से वेस्टर्न था. दो गाने ‘आई एम डिस्को डांसर’ और ‘जिमी जिमी जिमी आजा आजा आजा’ पूरी दुनिया में मशहूर हुए.
मिथुन के साथ उस जमाने की कोई भी लीड एक्ट्रेस काम करने को तैयार नहीं थी. ऐसे में किम को फिल्म में लिया गया था. मिथुन ने अपनी सेविंग के 30 हजार रुपये डायरेक्टर बी. सुभाष को दिए थे. यह भी कहा था कि फिल्म का काम नहीं रुकना चाहिए. मिथुन की मेहनत रंग लाई. किस्मत ने भी साथ दिया. फिल्म सुपरहिट साबित हुई.
फिल्म का सबसे फेवरेट गाना ‘जिमी जिमी आ जा’ सॉन्ग पार्वती खान ने गाया था. पार्वती खान के पति नदीम खान ‘डिस्को डांसर’ फिल्म के कैमरामैन थे. नदीम खान के पिता राही मासूम रजा थे. राही मासूम रजा ने ही फिल्म के डायलॉग लिखे थे. गाना पूरी दुनिया में पसंद किया गया. फिल्म में मिथुन का ब्रेक डांस दर्शकों को खूब पसंद आया. उन्हें इंडिया का ‘माइकल जैक्सन कहा जाने लगा. पूरी दुनिया में यह फिल्म खूब देखी गई. डिस्को डांसर के बारे में कहा जाता है कि यह पहली हिंदी फिल्म है जिसने 100 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



