बाजार जला रहा आपकी जेब? यहां करें निवेश, 7.5% का गारंटीड रिटर्न, पैसा डूबने की नो टेंशन!

Last Updated:May 05, 2026, 19:46 IST
नई दिल्ली. सुरक्षित निवेश की बात आती है तो ज्यादातर लोग ऐसे विकल्प तलाशते हैं जहां जोखिम ना के बराबर हो और रिटर्न भी तय मिले. पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट यानी पोस्ट ऑफिस एफडी इसी कैटेगरी का एक भरोसेमंद विकल्प है. इसमें आपका पैसा सरकार के संरक्षण में रहता है और एक तय अवधि के बाद गारंटीड रिटर्न मिलता है. यही वजह है कि रिटायरमेंट प्लानिंग से लेकर बच्चों के भविष्य तक, यह स्कीम हर तरह के निवेशक के बीच लोकप्रिय है.
क्या है पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट: पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट एक तरह की फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम है. इसमें आप एकमुश्त पैसा तय समय के लिए जमा करते हैं और उस पर फिक्स ब्याज मिलता है. यह पूरी तरह सरकार समर्थित स्कीम है, इसलिए इसमें जोखिम बहुत कम होता है.
2026 की ब्याज दरें: इस स्कीम में अवधि के हिसाब से ब्याज मिलता है. 1 साल के लिए 6.9 प्रतिशत, 2 साल के लिए 7.0 प्रतिशत, 3 साल के लिए 7.1 प्रतिशत और 5 साल के लिए 7.5 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है. ब्याज की गणना तिमाही आधार पर होती है, लेकिन भुगतान साल में एक बार किया जाता है.
कितना निवेश कर सकते हैं: इस स्कीम में आप सिर्फ 1000 रुपये से शुरुआत कर सकते हैं. अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है. यानी आप अपनी जरूरत और क्षमता के हिसाब से जितना चाहें उतना पैसा जमा कर सकते हैं.
Add as Preferred Source on Google
कौन खोल सकता है खाता: कोई भी भारतीय नागरिक इसमें खाता खोल सकता है. 10 साल से ज्यादा उम्र का बच्चा अपने नाम पर खाता खोल सकता है. माता पिता बच्चों के लिए भी यह खाता खोल सकते हैं. साथ ही तीन लोगों तक का जॉइंट अकाउंट भी संभव है.
टैक्स में क्या फायदा मिलेगा: 5 साल की टाइम डिपॉजिट पर इनकम टैक्स की धारा 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक की छूट मिलती है. हालांकि इस स्कीम से मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्सेबल होता है. वरिष्ठ नागरिकों को 80TTB के तहत 50 हजार रुपये तक के ब्याज पर राहत मिल सकती है.
समय से पहले पैसा निकालने का नियम: खाता खोलने के 6 महीने से पहले पैसा नहीं निकाल सकते. 6 से 12 महीने के बीच निकालने पर सिर्फ सेविंग अकाउंट जितना ब्याज मिलेगा. एक साल बाद अगर आप एफडी तोड़ते हैं तो तय दर से 2 प्रतिशत कम ब्याज दिया जाएगा.
मैच्योरिटी के बाद क्या विकल्प: जब आपकी एफडी मैच्योर हो जाती है, तब आप इसे उसी अवधि के लिए आगे बढ़ा सकते हैं. इससे आपको फिर से वही ब्याज दर मिलने लगती है. यह विकल्प उन लोगों के लिए अच्छा है जो लंबी अवधि तक पैसा सुरक्षित रखना चाहते हैं.
ट्रांसफर और नॉमिनेशन सुविधा: आप अपने खाते को देश के किसी भी पोस्ट ऑफिस में ट्रांसफर कर सकते हैं. इसके अलावा नॉमिनेशन की सुविधा भी मिलती है. यानी अगर भविष्य में कोई अनहोनी होती है तो पैसा आपके चुने हुए व्यक्ति को मिल जाता है.
क्यों है यह स्कीम खास: इस स्कीम की सबसे बड़ी ताकत इसकी सुरक्षा है. यह पूरी तरह सरकार द्वारा समर्थित है. बाजार के उतार चढ़ाव का इस पर कोई असर नहीं पड़ता. यही कारण है कि यह उन निवेशकों के लिए एक मजबूत विकल्प है जो बिना जोखिम के स्थिर रिटर्न चाहते हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



