गर्मी में बाल ज्यादा क्यों झड़ते हैं? क्या होती है हेयर फॉल की बड़ी वजह, एक्सपर्ट से समझ लीजिए

Last Updated:May 11, 2026, 20:05 IST
Summer Hair Loss Causes: गर्मियों में बाल झड़ने की समस्या बढ़ जाती है. इसकी वजह तेज धूप, पसीना, स्कैल्प में गंदगी और शरीर में पानी की कमी हो सकती है. एक्सपर्ट्स के अनुसार गलत हेयर केयर, पोषण की कमी और तनाव भी हेयर फॉल बढ़ा सकते हैं. सही डाइट, स्कैल्प की सफाई और अच्छी लाइफस्टाइल से इस समस्या को कंट्रोल किया जा सकता है.
गर्मियों में पसीना और स्कैल्प की गंदगी की वजह से हेयर फॉल बढ़ जाता है.
How Summer Affects Hair Health: गर्मी का मौसम अपने साथ कई समस्याएं लेकर आता है. गर्मी में कई लोग हेयर फॉल बढ़ने की शिकायत करते हैं. इस मौसम में नहाते समय, कंघी करते वक्त या तकिए पर टूटे बाल दिखाई देना आम बात है. अक्सर लोग इसे केवल मौसम का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं. हेयर एक्सपर्ट्स के अनुसार गर्मी में बाल झड़ने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं. तेज धूप, पसीना, धूल, स्कैल्प में ऑयल बढ़ना और गलत हेयर केयर रूटीन बालों को कमजोर बना सकते हैं.
यूपी के कानपुर स्थित जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. युगल राजपूत ने को बताया गर्मियों में ज्यादा पसीना आने से स्कैल्प पर गंदगी और ऑयल जमा होने लगता है. इससे बालों की जड़ों पर असर पड़ता है और हेयर फॉल बढ़ सकता है. अगर स्कैल्प लंबे समय तक साफ न रखा जाए, तो डैंड्रफ, खुजली और फंगल इंफेक्शन जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं, जो बाल झड़ने की बड़ी वजह बनती हैं. कई लोग गर्मियों में बार-बार बाल धोते हैं, लेकिन हार्श शैम्पू या गलत प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल भी बालों को रूखा और कमजोर बना सकता है.
एक्सपर्ट के मुताबिक तेज धूप और गर्म हवाएं भी बालों की सेहत पर असर डालती हैं. लंबे समय तक सूरज की UV किरणों के संपर्क में रहने से बालों की नमी कम होने लगती है, जिससे वे ड्राई और बेजान हो जाते हैं. जब बालों में नमी कम होती है, तो वे जल्दी टूटने लगते हैं. खासकर जिन लोगों के बाल पहले से ड्राई या केमिकल ट्रीटेड होते हैं, उनमें यह समस्या ज्यादा देखने को मिल सकती है. इसके अलावा शरीर में पानी की कमी भी हेयर फॉल की एक बड़ी वजह मानी जाती है. गर्मियों में शरीर से पसीने के जरिए ज्यादा पानी निकलता है. अगर पर्याप्त पानी और पोषण न मिले, तो इसका असर बालों की जड़ों पर भी पड़ सकता है. आयरन, प्रोटीन, बायोटिन और विटामिन D की कमी बालों को कमजोर बना सकती है.
डॉक्टर की मानें तो तनाव और खराब लाइफस्टाइल भी बाल झड़ने की समस्या को बढ़ा सकते हैं. नींद पूरी न होना, ज्यादा स्ट्रेस लेना और अनियमित खानपान बालों की ग्रोथ साइकल को प्रभावित कर सकता है. कई बार लोग गर्मियों में हेयर स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स और हीट टूल्स का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, जिससे बाल और ज्यादा कमजोर हो सकते हैं. एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि गर्मियों में माइल्ड शैम्पू का इस्तेमाल करें और जरूरत से ज्यादा केमिकल वाले प्रोडक्ट्स से बचें. स्कैल्प को साफ रखना, हल्का हेयर ऑयल लगाना और धूप में निकलते समय बालों को कवर करना फायदेमंद माना जाता है. इसके अलावा पर्याप्त पानी पीना और प्रोटीन व विटामिन से भरपूर डाइट लेना भी जरूरी है.
डॉक्टर का साफ कहना है कि अगर बाल जरूरत से ज्यादा झड़ रहे हों, स्कैल्प में लगातार खुजली हो रही हो या बाल पतले होते दिखाई दें, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना जरूरी माना जाता है. कई बार हेयर फॉल के पीछे हार्मोनल बदलाव, थायरॉइड या दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं. समय रहते बालों और स्कैल्प की सही देखभाल करना हेल्दी और मजबूत बाल बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी माना जाता है.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.About the Authorअमित उपाध्याय
अमित उपाध्याय हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



